✕
प्रवासी ज्वेलर्स से आभूषण खरीदने के बहाने आई बुरखाधारी महिला ने लाखों के आभूषण उड़ाए
By EditorialPublished on
घाटकोपर पश्चिम के एलबीएस रोड पर संगानी स्टेट के तारा अपार्टमेंट में स्थित प्रवासी आभूषण कारोबारी मोहन ज्वेलर्स में पिछले रविवार शाम आभूषण खरीदने के बहाने आई एक बुरखाधारी महिला ने लाखों रुपए के आभूषण उड़ा लिए जिसकी शिकायत घाटकोपर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है।

x

मुंबई। घाटकोपर पश्चिम के एलबीएस रोड (LBS Road) पर संगानी स्टेट के तारा अपार्टमेंट में स्थित प्रवासी आभूषण कारोबारी मोहन ज्वेलर्स (Mohan Jewelers) में पिछले रविवार शाम आभूषण खरीदने के बहाने आई एक बुरखाधारी महिला ने लाखों रुपए के आभूषण उड़ा लिए जिसकी शिकायत घाटकोपर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जांच करने पर एक बुरखाधारी महिला हाथ सफाई कर आभूषण उड़ाते नजर आई। इससे पूर्व घाटकोपर, कुर्ला और विद्या विहार में भी इसी तरह बुरखाधारी महिला ने चोरी को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद इस रैकेट में किसी गैंग का काम होने की शंका के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। मोहन ज्वेलर्स के मालिक राजस्थान के राजसमंद जिले के आत्मा निवासी राजेश सिंघवी ने बताया कि पिछले रविवार 24 अगस्त को रात 8 बजे के लगभग 6 महिलाएं मेरी दुकान पर आभूषण खरीदने आई थी। उसमें से पांच महिलाओं को मैं पहचानता था, जबकि छठवीं महिला भी उनके साथ होगी ऐसा मानकर उन्हें आभूषण दिखाने लगा। पांच महिलाओं में से अलग खड़ी उस महिला ने सोने का हार देखकर एक से दो बार वजन कर साइड में रखवा दिया और दूसरे हार दिखाने को कहा, उसे दूसरा हार दिखाया। लगभग आधे घंटे बाद अलग खड़ी महिला आभूषण खरीदे बिना दुकान से निकल गई। 2 दिन पूर्व ही दुकान के स्टॉक में माल कम आने से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज की बारीकी से जांच की इस दौरान 24 अगस्त रविवार रात को आई महिला दुकान में से बाहर जाते समय एक हार और सोने की बूटी जिसकी कीमत 2,81000 के आभूषण अपने साथ हाथ सफाई करके ले जाती नजर आई। घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Editorial
Next Story
Related News
X
