राखी और वोट का अनोखा वादा! रक्षाबंधन के मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिहार की महिलाओं से खास अपील की। उन्होंने कहा कि बहनें उन्हें एक राखी बांधें और चुनाव में एक वोट दें, ताकि मिलकर बिहार को नंबर वन बनाया जा सके।


तेजस्वी यादव का रक्षाबंधन ऑफ़र ; राखी के बदले शगुन में करोड़ों
रक्षाबंधन के मौके पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य की महिलाओं के नाम एक भावुक संदेश जारी किया है। उन्होंने बिहार की सभी महिलाओं और छात्राओं को अपनी बहन बताते हुए उनसे अपील की कि वे अपने-अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद एक राखी उनके नाम की भी बांधें। तेजस्वी यादव ने कहा कि वे हर बहन की खुशहाली और सुरक्षा के लिए नीतियां बना रहे हैं और इन्हें लागू करने के लिए सभी बहनों का सहयोग चाहते हैं।
अपने पत्र में उन्होंने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं आप सभी का भाई होने के नाते आपसे कुछ महत्वपूर्ण बात करने आया हूं। बिहार को नंबर वन बनाने का प्रण लीजिए, रक्षाबंधन पर एक राखी और चुनाव में एक वोट अपने तेजस्वी भैया को दीजिए।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, गरीबी और भ्रष्टाचार से रक्षा करने के लिए हमेशा "रक्षा चक्र" बनकर खड़े रहेंगे।
तेजस्वी यादव ने अपनी नीतियों और योजनाओं का भी विस्तृत जिक्र किया। इनमें बेटी (BETI) प्रोग्राम, माई-बहन योजना के तहत हर महीने 2500 रुपये, विधवा, बुजुर्ग और दिव्यांग महिलाओं की पेंशन 1500 रुपये तक बढ़ाना, हर रसोईघर में 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, बेटियों के लिए उच्च श्रेणी के आवासीय कोचिंग संस्थान, खेल प्रशिक्षण, नौकरी और रोजगार के अवसर, परीक्षा फॉर्म व यात्रा मुफ्त जैसी योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि 20 सालों से बिहार नकारात्मक राजनीति का शिकार रहा है, लेकिन 17 महीने की सरकार में उन्होंने यह साबित किया कि असंभव कुछ नहीं है। तेजस्वी ने दावा किया कि लाखों नौकरियां देकर उन्होंने दिखाया कि विकास का वादा केवल भाषण नहीं, बल्कि हकीकत हो सकता है। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जो 20 वर्षों में नहीं कर पाए, वे अब चुनाव से ठीक पहले नौकरी देने के वादे का ढोंग कर रहे हैं।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
सबसे बड़ा वादा करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “सत्ता में आते ही हम इन भ्रष्ट नेताओं से 70 हजार करोड़ रुपये वापस लाएंगे और बिहार की बहनों को रक्षाबंधन की शगुन राशि के रूप में देंगे।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस “खटारा सरकार” को हटाकर, विकास और महिलाओं की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध महागठबंधन सरकार को भारी मतों से विजयी बनाएं।
तेजस्वी यादव ने अंत में कहा कि बिहार की बहनों का आशीर्वाद उन्हें इतना बल देता है कि वे राज्य को नंबर वन बनाने के सपने को हकीकत में बदल सकते हैं। रक्षाबंधन के इस मौके पर उनका यह संदेश न सिर्फ चुनावी वादा है, बल्कि एक भावनात्मक रिश्ता जोड़ने का प्रयास भी है, जिससे वे हर घर तक अपनी बात पहुंचा सकें।
Editorial

Editorial

Next Story