वंदे भारत ट्रेन : देश को मिलेगा स्पीड और कनेक्टिविटी का तिहरा तोहफ़ा! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को बेंगलुरु से एक साथ तीन वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें महाराष्ट्र की 12वीं नागपुर-पुणे वंदे भारत भी शामिल है, जो 881 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली सबसे लंबी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी और दोनों शहरों के बीच व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को नई रफ़्तार देगी।


10 अगस्त को दौड़ेंगी 3 नई वंदे भारत ट्रेन, पीएम देंगे हरी झंडी
10 अगस्त 2025 को देश को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक और बड़ा तोहफ़ा मिलने जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केएसआर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से एक साथ तीन वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें अजनी (नागपुर)-पुणे वंदे भारत, केएसआर बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत और श्री माता वैष्णोदेवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे।
अजनी (नागपुर) और पुणे के बीच शुरू होने वाली यह सेवा महाराष्ट्र की 12वीं वंदे भारत ट्रेन होगी, जो वर्धा-मनमाड के बीच अब तक अछूते रहे क्षेत्रों को पहली बार इस आधुनिक रेल सेवा से जोड़ेगी। नागपुर और पुणे, दोनों ही तेजी से विकसित हो रहे बड़े शहर हैं, जो उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं। नागपुर, जिसे संतरा नगरी और बाघ राजधानी के रूप में भी जाना जाता है, ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का शहर है, वहीं पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी और छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़े शहर के रूप में जाना जाता है।
अजनी-पुणे वंदे भारत ट्रेन न केवल दोनों शहरों को जोड़ेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसर भी खोलेगी। यह 881 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए देश की सबसे लंबी दूरी वाली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी और 73 किमी प्रति घंटे की औसत गति के साथ 10 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव देगी। इससे वर्धा, अकोला, शेगांव, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहमदनगर और दौंड जैसे शहरों को भी लाभ मिलेगा।
ट्रेन का कोच विन्यास यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें 1 एग्जीक्यूटिव चेयर कार और 7 चेयर कार शामिल हैं, जो कुल 530 यात्रियों को बैठने की सुविधा देती हैं। इसमें आधुनिक तकनीक, स्वचालित तापमान नियंत्रण, पैनोरमिक खिड़कियाँ, बायो-वैक्यूम शौचालय, सीसीटीवी निगरानी और पुनर्योजी ब्रेकिंग जैसी विशेषताएँ शामिल हैं।
पुणे-अजनी वंदे भारत ट्रेन की सेवा 11 अगस्त से शुरू होगी और यह सप्ताह में छह दिन चलेगी। पुणे से यह सुबह 6:25 बजे रवाना होगी और शाम 6:25 बजे अजनी पहुंचेगी, जबकि अजनी से यह 12 अगस्त से सुबह 9:50 बजे चलकर रात 9:50 बजे पुणे पहुंचेगी।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
प्रधानमंत्री इस अवसर पर केएसआर बेंगलुरु-बेलगावी और श्री माता वैष्णोदेवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। वर्तमान में देश में 72 वंदे भारत ट्रेन सेवाएँ 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में संचालित हो रही हैं, जो यात्रियों को तेज़, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव दे रही हैं। भारतीय रेलवे का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में 200 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों को पटरी पर उतारना है।
‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत बनी ये ट्रेनें भारत के रेल आधुनिकीकरण का प्रतीक हैं और देश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएंगी। यह सिर्फ एक रेल सेवा नहीं, बल्कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की दिशा में मजबूत कदम है।
Editorial

Editorial

Next Story