मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया बिहार संग्रहालय बिएनाले-2025 के प्रतीक चिन्ह का अनावरण, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन
बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बिहार संग्रहालय बिएनाले–2025 के प्रतीक चिन्ह का रिमोट के माध्यम से अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में आयोजित विभिन्न देशों की अस्थायी प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। बिहार संग्रहालय बिएनाले-2025 एक अंतरराष्ट्रीय कला और संस्कृति उत्सव है, जिसमें थाईलैंड, इंडोनेशिया, जाम्बिया, मैक्सिको, कोरिया, श्रीलंका सहित कई देशों ने भाग लिया है। प्रदर्शनी में त्योहार और प्रदर्शन, प्रतीकवाद और उत्सव, दीक्षा समारोह, खुदाई में चिरांद, सौंदर्य और


पटना– बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बिहार संग्रहालय बिएनाले–2025 के प्रतीक चिन्ह का रिमोट के माध्यम से अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में आयोजित विभिन्न देशों की अस्थायी प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
बिहार संग्रहालय बिएनाले-2025 एक अंतरराष्ट्रीय कला और संस्कृति उत्सव है, जिसमें थाईलैंड, इंडोनेशिया, जाम्बिया, मैक्सिको, कोरिया, श्रीलंका सहित कई देशों ने भाग लिया है। प्रदर्शनी में "त्योहार और प्रदर्शन", "प्रतीकवाद और उत्सव", "दीक्षा समारोह", "खुदाई में चिरांद", "सौंदर्य और सौंदर्यशास्त्र", "स्वास्थ्य और कल्याण" जैसे विषयों पर विविध सांस्कृतिक आयामों को दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री ने इन सभी प्रदर्शनों का अवलोकन किया और प्रदर्शनी में दिखाए गए कलात्मक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। बिहार संग्रहालय के बहुद्देशीय सभागार में इंडोनेशिया, इथोपिया आदि देशों की संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक धरोहरों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका उन्होंने विशेष तौर पर निरीक्षण किया।
इस दौरान बिहार म्यूजियम के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को बिएनाले-2025 के संपूर्ण कार्यक्रम और विभिन्न प्रदर्शनों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री मोतीलाल प्रसाद ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस भव्य आयोजन में इथोपिया, इंडोनेशिया, श्रीलंका, मैक्सिको, अर्जेंटीना और पेरू से आए एम्बेसडर्स भी उपस्थित रहे, जिनके साथ मुख्यमंत्री ने विभिन्न सांस्कृतिक और साझेदारी के मुद्दों पर चर्चा की तथा एक स्मृति-चित्र भी खिंचवाया।
मुख्यमंत्री ने संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाश प्रेक्षागृह में सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। उन्होंने बिएनाले-2025 में भाग ले रहे कलाकारों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया और राज्य की सांस्कृतिक विविधता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, बिहार विधान परिषद के उप सभापति प्रो० रामवचन राय, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी, राजनयिक, कलाकार और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

