✕
कोरोना के बाद से लगातार शून्य; अंबानी का वेतन फिर निल!
By EditorialPublished on
रिलायंस इंडस्ट्रीज की ताज़ा वार्षिक रिपोर्ट ने एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है। जहां चेयरमैन मुकेश अंबानी ने लगातार पांचवें साल अपनी सैलरी नहीं ली, वहीं कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निखिल मेसवानी को सालाना 25 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। कोरोना महामारी के बाद अंबानी ने सैलरी छोड़ने का निर्णय लिया था, जिसे अब तक जारी रखा गया है। ये आंकड़े देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी में टॉप मैनेजमेंट की सैलरी नीति को लेकर नई चर्चा छेड़ रहे हैं।

x

देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने एक बार फिर सबको चौंकाते हुए लगातार पांचवें साल भी अपनी सैलरी लेने से इनकार कर दिया है। कोरोना महामारी के बाद शुरू हुई यह परंपरा अब रिलायंस की पहचान बन चुकी है, जहाँ शीर्ष पर बैठा शख्स खुद के लिए कोई वेतन नहीं ले रहा।
रिलायंस की हालिया वार्षिक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है, जिसमें यह भी बताया गया कि कंपनी के अन्य कार्यकारी निदेशकों को सालाना करोड़ों रुपये का वेतन और अन्य भत्ते दिए जा रहे हैं।
महामारी के बाद लिया गया था बड़ा फैसला :
मुकेश अंबानी ने वित्त वर्ष 2020-21 से अपनी सैलरी पूरी तरह से छोड़ दी थी। कोविड-19 महामारी के कारण उपजे आर्थिक संकट को देखते हुए उन्होंने स्वेच्छा से सभी प्रकार के भत्ते, कमीशन, सेवानिवृत्ति लाभ और वेतन को न लेने का निर्णय लिया था। यह कदम देश और कंपनी के लिए उनके नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है।
पहले कितना मिलता था वेतन ?
कोरोना से पहले, वित्त वर्ष 2008-09 से 2019-20 तक, अंबानी ने अपने वार्षिक वेतन को ₹15 करोड़ तक सीमित रखा था। यह फैसला उन्होंने प्रबंधन स्तर पर अनुशासन और नैतिकता स्थापित करने के उद्देश्य से लिया था, जब कई अन्य कंपनियों के CEO करोड़ों में वेतन ले रहे थे।
कंपनी के अन्य डायरेक्टर्स को क्या मिला ?
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निखिल मेसवानी और हितल मेसवानी को प्रत्येक को ₹25 करोड़ सालाना सैलरी, बोनस और अन्य भत्तों के रूप में मिले हैं। इसके अतिरिक्त, कार्यकारी निदेशक पी. एम. एस. प्रसाद को करीब ₹20 करोड़ का कुल पैकेज प्राप्त हुआ है। यह अंतर कंपनी के भीतर वेतन संरचना और नेतृत्व की भूमिका पर एक नई बहस को जन्म देता है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
दुनिया के टॉप अरबपतियों में शुमार :
अमेरिकी बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स के मुताबिक, मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति $103.3 बिलियन है और वे दुनिया के 18वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। वे न केवल भारत बल्कि एशिया में भी सबसे अमीर उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। रिलायंस के भविष्य को लेकर उनके तीनों बच्चे ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी—अब कंपनी के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में जुड़े हुए हैं।
मिसाल या मार्केटिंग रणनीति ?
जहां एक ओर अंबानी का वेतन न लेना सामाजिक और नैतिक दृष्टिकोण से प्रेरणादायक लगता है, वहीं दूसरी ओर कंपनी के भीतर अन्य कार्यकारी निदेशकों को दिए जा रहे वेतन से यह सवाल भी उठता है कि क्या यह असली त्याग है या एक ब्रांड-निर्माण रणनीति?

Editorial
Next Story
Related News
X
