उत्तरकाशी हादसा : धराली में तबाही! NDRF ने 150 को बचाया; 11 जवान लापता
उत्तरकाशी हादसा : उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने (Cloudburst in Uttarkashi) से खीर गंगा नदी में भीषण बाढ़ (Flood in Kheer Ganga) आ गई। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने इलाके में भारी तबाही मचाई। प्रशासन के अनुसार इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 150 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि 50 से 60 लोग अब भी लापता हैं।
धराली में मची तबाही, 20 से ज्यादा होटल बह गए :
स्थानीय लोगों ने बताया कि खीर गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बादल फटने से बाढ़ का पानी तेज रफ्तार से बहा, जिससे कई मकान, होटल और होमस्टे बह गए। अनुमान है कि 20 से 25 होटल और होमस्टे पूरी तरह तबाह हो गए। गवाहों का कहना है कि कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। इस आपदा के बाद धराली और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित जगहों की तलाश में हैं।
NDRF, SDRF और सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी :
जैसे ही उत्तरकाशी हादसे की सूचना मिली, NDRF, SDRF, ITBP और भारतीय सेना की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, 14वीं राजरीफ के कर्नल हर्षवर्धन 150 सैनिकों के साथ राहत कार्य में जुटे हैं। हालांकि, उनका बेस भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और 11 जवान लापता बताए जा रहे हैं। अब तक सेना ने 20 लोगों को सुरक्षित निकाला है, और अतिरिक्त बचाव टुकड़ियां भेजी जा रही हैं।
प्रशासन और केंद्र सरकार की बड़ी कार्रवाई :
उत्तरकाशी हादसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चल रहा है। सीएम ने बताया कि सड़कों को खोलने, मोबाइल कनेक्टिविटी बहाल करने और जरूरतमंदों तक भोजन व दवाइयां पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीएम से बात कर हालात की जानकारी ली और केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी राहत कार्यों की निगरानी पर जोर दिया है।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में छुट्टी :
इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों – नैनीताल, देहरादून, चंपावत, पौड़ी, टिहरी और बागेश्वर – में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून जिले में कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। लगातार बारिश के कारण NH-34 समेत कई सड़कें बंद हो गई हैं और रेस्क्यू टीमों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में मुश्किल हो रही है।
लापता लोगों की तलाश जारी, मौसम बना चुनौती :
प्रशासन के अनुसार, अभी भी 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। खराब मौसम और टूटी सड़कों के कारण हवाई रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बाधा आ रही है। हालांकि, राहत शिविरों में 150 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रखा गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। उत्तरकाशी हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि पहाड़ी इलाकों में बढ़ते निर्माण और पर्यावरणीय असंतुलन किस तरह प्राकृतिक आपदाओं को बढ़ावा दे रहे हैं।
Editorial

Editorial

Next Story