पटना: बिहार पुलिस में इस वर्ष अब तक की सबसे बड़ी सिपाही भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों का बुनियादी प्रशिक्षण आगामी 21 जुलाई 2025 से प्रारंभ होने जा रहा है। यह संख्या पूर्व के वर्षों में हुई भर्तियों की तुलना में कहीं अधिक है और इसे एक बड़ी प्रशासनिक और लॉजिस्टिक चुनौती माना जा रहा है।

पुरुष, महिलाएं और परलैंगिक सिपाही भी शामिल

नवनियुक्त सिपाहियों में 10,207 पुरुष, 11,176 महिलाएं (जिसमें 8 परलैंगिक भी शामिल हैं) और पूर्व नियुक्त 1,060 सिपाही भी हैं, जिन्हें अब तक प्रशिक्षण नहीं मिल पाया था। यानी कुल मिलाकर करीब 22,300 पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण एक साथ पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

राज्यभर में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र

प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए राज्य के 33 जिलों, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बि.वि.स.पु.) की 15 इकाइयों, और CAPF (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) के कुछ केंद्रों को अस्थायी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में अधिसूचित किया गया है।

इनमें से:

  • 8965 पुरुष सिपाहियों को जिलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

  • 10,499 महिला सिपाहियों को बि.वि.स.पु. इकाइयों में प्रशिक्षित किया जाएगा।

  • CRPF की चंदौली और मोकामा इकाई में क्रमशः 614 पुरुष और 685 महिला सिपाहियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

  • SSB की बगहा, बेतिया और सीतामढ़ी बटालियनों में 628 पुरुष सिपाही प्रशिक्षण लेंगे।


प्रशिक्षण देने वाले अनुदेशक

इस विशाल प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए 490 अंतः अनुदेशक और 980 बाह्य अनुदेशक तैनात किए जाएंगे। अंतः अनुदेशकों को पहले ही बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में ओरिएंटेशन प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।

इन अनुदेशकों को 12% प्रशिक्षण भत्ता दिया जा रहा है, जिसे 20% तक बढ़ाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।


नया पाठ्यक्रम, नया दृष्टिकोण

नए सिपाहियों के लिए तीन भागों में तैयार किया गया नया पाठ्यक्रम लगभग 1100 पृष्ठों का है। इस पाठ्यक्रम में 2024 से लागू नए तीन कानूनों और बदलते सामाजिक-तकनीकी परिवेश को ध्यान में रखते हुए कई नए विषयों को शामिल किया गया है। यह पाठ्यक्रम की कॉपी निःशुल्क सभी प्रशिक्षुओं को उपलब्ध कराई जाएगी।


बजट और सुविधाएं

सभी प्रशिक्षण केंद्रों को सुचारू संचालन के लिए अलग प्रशिक्षण हेड के तहत बजट आवंटित किया गया है। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान भोजन प्रबंधन (मेस) के लिए JEEVIKA संस्था के साथ पुलिस मुख्यालय ने समझौता किया है, ताकि प्रशिक्षण के दौरान गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित किया जा सके।

Editorial

Editorial

Next Story