✕
बिना टिकट यात्रा जुर्माना : 14 लाख यात्री धरे गए बिना टिकट; रेलवे ने वसूले ₹86.73 करोड़ जुर्माना
By EditorialPublished on
बिना टिकट यात्रा जुर्माना :

x

बिना टिकट यात्रा जुर्माना : मध्य रेलवे ने अनधिकृत और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर बड़ी सख्ती दिखाई है। अप्रैल से जुलाई 2025 के बीच रेलवे ने सघन टिकट जांच अभियान चलाकर 14.43 लाख यात्रियों को पकड़ा और उनसे ₹86.73 करोड़ का भारी जुर्माना वसूला। यह कार्रवाई रेलवे की ओर से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के प्रयास का हिस्सा है।
रेलवे ने बताया कि यह जुर्माना राशि रेलवे बोर्ड द्वारा तय ₹81.48 करोड़ के लक्ष्य से भी अधिक है। टिकट जांच से होने वाली आय में पिछले साल की तुलना में 6.44% की वृद्धि दर्ज की गई है।
जुलाई में रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई, 62% ज्यादा लोग पकड़े गए :
जुलाई 2025 में ही रेलवे ने 3.08 लाख बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा, जबकि जुलाई 2024 में यह संख्या 1.91 लाख थी। यानी इस बार अनियमित यात्रा के मामलों में 62% की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह जुर्माना वसूली में भी रिकॉर्ड बढ़त हुई। जुलाई 2024 में जहां ₹7.97 करोड़ वसूले गए थे, वहीं जुलाई 2025 में यह राशि बढ़कर ₹16 करोड़ हो गई। यानी जुर्माना वसूली में 100% से ज्यादा की वृद्धि।
मंडलवार आंकड़े :
अप्रैल से जुलाई 2025 के बीच पकड़े गए बिना टिकट यात्रियों और वसूले गए जुर्माने का मंडलवार विवरण इस प्रकार है:
- भुसावल मंडल: 3.85 लाख मामले, ₹33.49 करोड़ जुर्माना
- मुंबई मंडल: 5.73 लाख मामले, ₹24.29 करोड़ जुर्माना
- नागपुर मंडल: 1.56 लाख मामले, ₹9.76 करोड़ जुर्माना
- पुणे मंडल: 1.52 लाख मामले, ₹8.42 करोड़ जुर्माना
- सोलापुर मंडल: 85,000 मामले, ₹4.18 करोड़ जुर्माना
- मुख्यालय: 91,000 मामले, ₹6.58 करोड़ जुर्माना
कैसे चलाया गया अभियान :
मध्य रेलवे ने मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर और उपनगरीय ट्रेनों में नियमित रूप से सघन टिकट जांच अभियान चलाया। इसमें स्टेशन जांच, घात जांच, किला जांच, गहन जांच और मेगा टिकट जांच अभियान शामिल थे। रेलवे ने कहा कि अनियमित यात्रा को रोकने और यात्रियों को सुरक्षित अनुभव देने के लिए ये अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए उचित और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
इतना सख्त क्यों हुआ रेलवे ?
मध्य रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा न केवल रेलवे को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यात्रा के दौरान अनुशासन और सुरक्षा के लिए भी खतरा है। ऐसे में अभियान के जरिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सख्ती भी जरूरी है।

Editorial
Next Story
Related News
X
