Stock Market News : सेंसेक्स 308 अंक लुढ़का, निफ्टी भी टूटा; कल कैसी होगी चाल?
Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को दबाव में रहा और लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 308 अंक यानी 0.38 प्रतिशत गिरकर 80,710.25 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 50 73.20 अंक यानी 0.30 प्रतिशत फिसलकर 24,649.55 पर आ गया।
आज के कारोबार पर अमेरिकी टैरिफ को लेकर बनी वैश्विक अनिश्चितता, भारतीय रुपये में गिरावट और विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर साफ नजर आया। इसके अलावा, रूस से तेल की खरीदारी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ताजा चेतावनी के बाद निवेशकों की धारणा कमजोर हुई और ज्यादातर स्टॉक्स लाल निशान में बंद हुए।
क्यों टूटा बाजार ?
शेयर बाजार की गिरावट की सबसे बड़ी वजह वैश्विक अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों (FII) की भारी बिकवाली रही। आज भी एफआईआई ने लगभग 2,566 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर बेचे। साथ ही, भारतीय रुपये में लगातार गिरावट और रूस से तेल आयात को लेकर अमेरिका की धमकी ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, “वैश्विक बाजारों में मजबूती के बावजूद घरेलू बाजार में नकारात्मक रुझान रहा। रूस से तेल पर भविष्य में संभावित प्रतिबंध के कारण ऑयल एंड गैस सेक्टर में गिरावट देखी गई।”
कौन से सेक्टर रहे हावी, कौनसे टूटे ?
  • आज ऑटो सेक्टर में थोड़ी तेजी रही, जहां इंडेक्स 0.4% ऊपर बंद हुआ। हालांकि, बैंकिंग, आईटी, ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी और फार्मा सेक्टर के शेयरों में 0.5% तक की गिरावट आई।
  • गिरे हुए स्टॉक्स: इंफोसिस, अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक
  • तेजी वाले स्टॉक्स: टाइटन, मारुति सुजुकी, एसबीआई लाइफ, ट्रेंट और इंडसइंड बैंक
  • बीएसई पर मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।
रुपये की गिरावट और एफआईआई की बिकवाली :
भारतीय रुपया आज शुरुआती कारोबार में 87.95 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले 6 महीनों का सबसे निचला स्तर है। रुपया कमजोर होने से विदेशी निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा और उन्होंने बड़े पैमाने पर शेयरों की बिकवाली की।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
सकारात्मक संकेत भी रहे :
हालांकि, कुछ सकारात्मक संकेत भी देखने को मिले। जुलाई का सर्विस पीएमआई मजबूत बिक्री के कारण 11 महीने के हाई पर पहुंच गया। इसके बावजूद बाजार में बिकवाली का दबाव हावी रहा।
कल बाजार का रुख कैसा होगा ?
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक संकेतों में सुधार नहीं हुआ और अमेरिकी टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता बनी रही, तो कल भी बाजार में वोलैटिलिटी बनी रह सकती है। हालांकि, घरेलू डेटा और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी होगा।
Next Story