railway.jpg
प्रयागराज। भारतीय रेलवे के इतिहास में पहली बार जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अखिल भारतीय रेलवे जनसंपर्क सेमिनार का आयोजन शनिवार को कोटा के मेनाल रेलवे ऑफिसर्स क्लब में किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की और भारतीय रेलवे जनसंपर्क कैडर की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मंडल रेल प्रबंधक, कोटा अनिल कालरा सहित विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कालरा द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए रेलवे के जनसंपर्क विभाग द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की सराहना की।
वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी कमल जोशी ने जनसंपर्क कैडर का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया, जिसमें विभाग की वर्तमान कार्यप्रणाली, दायित्व, एवं संरचनात्मक चुनौतियों को रेखांकित किया गया। ओम बिरला ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रेलवे का जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। इसकी मजबूती से रेलवे की छवि और पारदर्शिता में वृद्धि होती है।” उन्होंने विभाग के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक आश्वासन भी प्रदान किया।
इसके उपरांत सेमिनार सत्र आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से आए वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रचार निरीक्षकों ने अपने विचार, अनुभव एवं कैडर से संबंधित व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। यह विचार-विमर्श सत्र जनसंपर्क विभाग की कार्यक्षमता, कैडर पुनर्गठन, और भविष्य की दिशा तय करने में मील का पत्थर सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, कोटा अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन, मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर पटेल,नेता प्रतिपक्ष लव शर्मा सहित रेलवे अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों और अन्य ने ने भाग लिया।
Next Story