✕
पटना हिंसा : सड़क पर सियासी संग्राम; वायरल वीडियो में बीजेपी-कांग्रेस भिड़ंत
By EditorialPublished on 29 Aug 2025 5:30 AM IST
पटना में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार टकराव हो गया। मामला उस वक्त भड़का जब कांग्रेस की ओर से पीएम मोदी को लेकर कथित आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। गुस्साए बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर तक पहुँच गए और फिर दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और लाठीबाज़ी हो गई। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

x
राजधानी पटना हिंसा ने शुक्रवार को राजनीतिक माहौल गरमा दिया। यहां बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर भिड़ंत हो गई। टकराव इतना बढ़ा कि कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर लाठियां चला दीं और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। बताया जाता है कि यह पूरा मामला कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुआ, जहां बीजेपी के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे। मामला उस वक्त बिगड़ा जब बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर में घुसने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया और झगड़ा बढ़ गया।
पीएम मोदी को लेकर विवाद से भड़की पटना हिंसा :
जानकारी के अनुसार, यह पटना हिंसा उस वक्त भड़की जब कांग्रेस के मंच से पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर कथित आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इस टिप्पणी से बीजेपी कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और विरोध दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को कुर्जी अस्पताल से लेकर सदाकत आश्रम (कांग्रेस दफ्तर) तक मार्च निकाला। मार्च में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री संजय सरावगी और नितिन नवीन भी शामिल थे।
मार्च के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “मां का अपमान, कांग्रेस की पहचान” और “मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार” जैसे नारे लिखे हुए थे। जब कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर के सामने पहुंचे तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई।
लाठी-डंडों और पत्थरों से भिड़े कार्यकर्ता :
कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुई इस पटना हिंसा में दोनों ओर से कार्यकर्ताओं ने जमकर मारपीट की। जिसके हाथ जो भी आया, उसने उसी से हमला करना शुरू कर दिया। लाठियां चलीं, ईंट-पत्थर फेंके गए और सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया। भीड़ को काबू करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता मानने को तैयार नहीं थे। झड़प में दोनों दलों के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए पास के कुर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति :
बताया जाता है कि जैसे ही बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर में घुसने लगे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की बढ़ गई और हिंसक झड़प शुरू हो गई। बाद में लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरे मामले में दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर पत्थरबाजी की, वहीं कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ता जबरन कांग्रेस कार्यालय में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
वायरल हो रहा है झड़प का वीडियो :
इस पटना हिंसा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर लाठियां चला रहे हैं और जमकर नारेबाज़ी कर रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस घटना ने बिहार की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है क्योंकि बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही इसे बड़ा मुद्दा बनाने में जुट गए हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
