SSC Teacher Recruitment Scam
पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मचाने वाले SSC Teacher Recruitment Scam मामले में एक बार फिर बड़ा एक्शन हुआ है। मुर्शिदाबाद जिले की बुरवान विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक जीबन कृष्ण साहा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार (25 अगस्त, 2025) को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब ईडी की टीम शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े सबूत जुटाने के लिए उनके घर पहुंची।

भागने की कोशिश, मोबाइल ड्रेनेज में फेंका :
ईडी सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही टीम साहा के घर पर छापेमारी के लिए पहुंची, विधायक अचानक पहली मंज़िल से कूदकर दीवार फांद भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि ईडी अधिकारियों ने तुरंत उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। इस दौरान साहा ने अपने मोबाइल फोन को पास के ड्रेनेज में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की, लेकिन ईडी की टीम ने उसे निकालकर बरामद कर लिया। माना जा रहा है कि मोबाइल से SSC Teacher Recruitment Scam से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
कई ठिकानों पर छापेमारी :
ईडी ने साहा के मुर्शिदाबाद स्थित आवास के साथ-साथ उनके ससुराल (रघुनाथगंज) और बीरभूम जिले में उनके पर्सनल असिस्टेंट के घर पर भी छापेमारी की। एजेंसी का मानना है कि भर्ती घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेज़ साहा और उनके करीबी लोगों के पास छिपाए गए हो सकते हैं। ईडी ने बताया कि विधायक से लगातार पूछताछ हो रही है और उन्हें कोलकाता ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें ईडी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी :
यह पहला मौका नहीं है जब जीबन कृष्ण साहा का नाम SSC Teacher Recruitment Scam में सामने आया है। अप्रैल 2023 में सीबीआई ने भी उन्हें शिक्षक भर्ती घोटाले में कथित अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस समय भी साहा और उनके परिवार से लंबी पूछताछ की गई थी। हालांकि, उन्हें मई 2023 में जमानत मिल गई थी। ईडी इससे पहले उनकी पत्नी से भी सवाल-जवाब कर चुकी है।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
मनी लॉन्ड्रिंग पर फोकस :
ईडी का कहना है कि इस घोटाले में बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग हुई है। करोड़ों रुपये की वसूली और फर्जी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई नए दस्तावेज़ सामने आ सकते हैं। एजेंसी को शक है कि इस रैकेट में केवल स्थानीय नेता ही नहीं बल्कि राज्य स्तर पर भी कई बड़े नाम शामिल हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
राजनीतिक हलचल तेज :
टीएमसी विधायक की गिरफ्तारी से राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है। विपक्ष लगातार इस मामले को लेकर ममता बनर्जी सरकार को घेर रहा है। वहीं, ruling पार्टी ने अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन ईडी की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि केंद्र एजेंसियां SSC Teacher Recruitment Scam मामले में किसी तरह की ढील देने के मूड में नहीं हैं।
Editorial

Editorial

Next Story