निक्की मर्डर केस
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए की गई 26 वर्षीय निक्की की कथित हत्या ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। इस निक्की मर्डर केस मामले में पुलिस ने मृतका के पति, ससुर, सास और जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस ने जानकारी दी कि निक्की के ससुर सतवीर भाटी (55) और जेठ रोहित भाटी (28) को गुप्त सूचना के आधार पर कासना पुलिस ने सिरसा टोल चौराहे से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद मृतका के ससुर ने दावा किया कि वारदात के समय वह घर पर नहीं था। वहीं, निक्की की सास ने भी कहा कि वह किसी काम से बाहर गई थी। अब पुलिस CCTV फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय कौन कहाँ था। पुलिस CDR लोकेशन भी खंगाल रही है।
इस निक्की मर्डर केस मामले में 22 अगस्त को कासना थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुँचाना) और 61(2) (आजीवन कारावास या अन्य दंडनीय अपराध का प्रयास) के तहत केस दर्ज है। मृतका का पति विपिन भाटी, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर चारों नामजद आरोपी हैं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात निक्की को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने सिरसा गांव स्थित घर में पहले पीटा और फिर उस पर ज्वलनशील तरल डालकर आग लगा दी। इस घटना के विचलित करने वाले कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। एक वीडियो में निक्की को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा है, वहीं दूसरे वीडियो में वह आग की लपटों में सीढ़ियों से नीचे उतरती और गिरती नज़र आ रही है।
विपिन भाटी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन रविवार को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में उसने एक उप-निरीक्षक की बंदूक छीनकर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। उसी दिन विपिन की मां दया (55) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस निक्की मर्डर केस ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। मृतका के परिवार का आरोप है कि 2016 में शादी के बाद से ही निक्की को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पहले ही वे दामाद को स्कॉर्पियो SUV, मोटरसाइकिल और सोने के गहने दे चुके थे, लेकिन ससुराल वाले 36 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार की मांग करने लगे थे।
दिल दहला देने वाली इस घटना का गवाह निक्की की बड़ी बहन कंचन भी है, जिसकी शादी रोहित भाटी से हुई है। कंचन ने मीडिया और पुलिस को बताया कि उसकी बहन को उसके बेटे के सामने पीटा गया और बाद में आग के हवाले कर दिया गया। दिल्ली अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने कहा कि दोनों बेटियों की शादी एक ही परिवार में हुई थी और शादी के बाद से ही दोनों बेटियों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
इस निक्की मर्डर केस को लेकर अब पूरे क्षेत्र में गुस्सा है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस लगातार सबूत जुटा रही है और दावा किया जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से सच सामने आ जाएगा।
Editorial

Editorial

Next Story