पटना में 1024.77 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास

पटना, 25 अगस्त 2025 मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने सोमवार को पटना जिले में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित कुल 1024.77 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास/कार्यारंभ किया। राजधानी के शहरी (मध्य क्षेत्र) के लिए प्रस्तावित इन योजनाओं को मुख्यमंत्री ने जनसुविधा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचा और पर्यटन विकास के लिहाज़ से महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रगति यात्रा के दौरान जो घोषणाएँ की गई थीं, आज उनका क्रियान्वयन शुरू किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरे होने से पटना के नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और शहर का स्वरूप और अधिक विकसित व आधुनिक होगा।”



4 लेन सड़क और भूमिगत नाले का निर्माण

पटेल गोलंबर के पास आयोजित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने 196.80 करोड़ रुपये की लागत से पटेल गोलंबर से ईको पार्क (पश्चिमी छोर) और अटल पथ (पूर्वी छोर) तक सरपेंटाइन नाले पर भूमिगत नाले और फोरलेन सड़क निर्माण की योजना का शिलापट्ट अनावरण किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सचिवालय, एयरपोर्ट और राजधानी वाटिका आने-जाने में बड़ी सहूलियत होगी। खुले नाले को ढककर बनने वाली यह सड़क न केवल यातायात को आसान बनाएगी बल्कि शहर की सुंदरता भी बढ़ाएगी।



बिजली व्यवस्था होगी आधुनिक

इसके बाद डाकबंगला चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 328.52 करोड़ रुपये की लागत से पटना शहरी क्षेत्र में विद्युत संरचनाओं के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण की परियोजना का कार्यारंभ किया। इसमें चरणबद्ध तरीके से बिजली के तारों को भूमिगत किया जाएगा।

ऊर्जा विभाग के सचिव ने मुख्यमंत्री को इस परियोजना का रूट प्लान समझाया और एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने शून्य बिजली शुल्क योजना के दो उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।




छात्रावासों का जीर्णोद्धार

मुख्यमंत्री ने पटना साइंस कॉलेज स्थित न्यूटन हॉस्टल में आयोजित कार्यक्रम से 30.02 करोड़ रुपये की लागत से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्रावासों के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण कार्य का शुभारंभ किया।

अपने छात्र जीवन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं भी न्यूटन हॉस्टल में रहा हूं। यह शैक्षणिक परिसर मेरे लिए बेहद खास है। हॉस्टलों के जीर्णोद्धार से छात्रों को पढ़ाई और रहने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।”



पटना हाट और संपर्क मार्ग

मुख्यमंत्री ने जेपी गंगापथ पर आयुक्त कार्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम स्थल से 48.96 करोड़ रुपये की लागत से पटना हाट निर्माण का शिलान्यास किया। इसके अलावा 52.28 करोड़ रुपये से मंदिरी नाला पर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क को जेपी गंगापथ से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग की नींव रखी।




गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना

मुख्यमंत्री ने 387.40 करोड़ रुपये की लागत से ‘जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना (फेज-1)’ का शिलान्यास किया। इसके तहत दीघा से गांधी मैदान तक लगभग 7 किमी क्षेत्र में उद्यान का विकास होगा। साथ ही 12.38 करोड़ रुपये की लागत से सभ्यता द्वार से कलेक्टरेट घाट तक विचरण पथ (Promenade) के निर्माण की नींव रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगापथ बनने के बाद यहां पर्यटन, मनोरंजन और आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं। उद्यान और हरित क्षेत्र विकसित होने से आमलोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पटना की खूबसूरती भी निखरेगी।



प्रगति यात्रा और नई योजनाएँ

ज्ञातव्य है कि वर्ष 2024 के दिसंबर से लेकर 2025 के जनवरी-फरवरी तक मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों का दौरा किया था। इसमें विकास कार्यों की समीक्षा कर राज्य सरकार ने 50,000 करोड़ रुपये की 430 नई योजनाओं को स्वीकृति दी।

पटना जिले में 21 फरवरी 2025 को कुल 32 घोषणाएँ की गई थीं, जिनमें से कई योजनाओं पर काम पहले ही शुरू हो चुका है।



विशिष्ट अतिथि और मौजूद लोग

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव कुमार रवि, आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम., एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

Editorial

Editorial

Next Story