फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में सीएम नीतीश कुमार का दौरा


पटना, 23 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बियाडा अन्तर्गत फतुहा औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया और यहां संचालित कई औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वंशी मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड का जायजा लिया। यह इकाई मुख्य रूप से सर्जिकल ग्लव्स के निर्माण का कार्य करती है। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और टेस्टिंग रूम का अवलोकन किया और उत्पादन प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने उत्पादन गुणवत्ता और निर्यात की स्थिति की जानकारी भी ली।

सीएम नीतीश कुमार ने उद्योग इकाइयों का लिया जायजा


इसके बाद मुख्यमंत्री ने वंशी एयर गैसेज प्राइवेट लिमिटेड का भ्रमण किया और यहां ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इस यूनिट द्वारा लगभग 300 से 350 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। खास बात यह है कि रोजगार में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि उनके आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल सके। वर्तमान में यह इकाई भारत के साथ-साथ केन्या और नेपाल में भी उत्पादों का निर्यात कर रही है।

मुख्यमंत्री ने आगे हाई स्प्रीट कमर्शियल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। यह कंपनी स्कूल बैग्स और बैग पैक्स का उत्पादन करती है। मुख्यमंत्री ने यहां कटिंग, स्टिचिंग और चेकिंग विभाग का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से बातचीत की। कंपनी द्वारा रोजगार में महिलाओं को प्राथमिकता देने की नीति को उन्होंने सराहा। यह इकाई भारत समेत पड़ोसी देशों में भी अपने उत्पादों की आपूर्ति कर रही है।


सर्जिकल ग्लव्स से लेकर स्कूल बैग तक, फतुहा में बढ़ रहा औद्योगिक उत्पादन

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि फतुहा औद्योगिक क्षेत्र बिहार के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों और स्थानीय लोगों को रोजगार मिले।

Editorial

Editorial

Next Story