उपराष्ट्रपति चुनाव २०२५
उपराष्ट्रपति चुनाव २०२५ : देश के अगले उपराष्ट्रपति को चुनने की प्रक्रिया तेज हो गई है। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया (INDIA) ने अपने उम्मीदवार के तौर पर बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। गुरुवार को उन्होंने दिल्ली में अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव और शिवसेना (उद्धव) के नेता संजय राउत समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।
नामांकन में दिखी विपक्ष की एकजुटता :
बी. सुदर्शन रेड्डी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन पत्र के चार सेट दाखिल किए। इन पर 160 सांसदों ने बतौर प्रस्तावक और अनुमोदक हस्ताक्षर किए। इनमें कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और द्रमुक के तिरुचि शिवा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। विपक्ष ने इस मौके पर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की।
कौन हैं बी. सुदर्शन रेड्डी ?
बी. सुदर्शन रेड्डी उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रहे हैं। इसके अलावा वह गोवा के लोकायुक्त के पद पर भी काम कर चुके हैं। आंध्र प्रदेश (वर्तमान में तेलंगाना) के रंगारेड्डी जिले से ताल्लुक रखने वाले रेड्डी को साफ-सुथरी छवि वाला चेहरा माना जाता है। इंडिया गठबंधन का मानना है कि उनकी सादगी और न्यायपालिका में लंबे अनुभव से उन्हें मजबूत उम्मीदवार के रूप में पेश किया जा सकता है।
एनडीए का दांव – सीपी राधाकृष्णन
वहीं, सत्ता पक्ष यानी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया था। राधाकृष्णन तमिलनाडु से आते हैं और लंबे समय से भाजपा के संगठन में सक्रिय रहे हैं। उन्हें दक्षिण भारत में पार्टी की पकड़ मजबूत करने वाले नेताओं में गिना जाता है।
दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से :
इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 की एक दिलचस्प बात यह है कि दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं। सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु के तिरुप्पुर से हैं जबकि बी. सुदर्शन रेड्डी आंध्र प्रदेश (अब तेलंगाना) से आते हैं। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में खास चर्चा है कि सत्ता और विपक्ष, दोनों ने ही दक्षिण भारत को तरजीह दी है।
कांग्रेस का बयान :
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि विपक्ष पूरी मजबूती के साथ उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 में बी. सुदर्शन रेड्डी के समर्थन में खड़ा है। उन्होंने रेड्डी का बयान भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह संविधान की मर्यादा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए काम करेंगे।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
मुकाबला दिलचस्प :
अब देखना यह होगा कि संसद के चुनाव में किसकी जीत होती है। संख्याबल के लिहाज से एनडीए मजबूत स्थिति में है, लेकिन इंडिया गठबंधन ने विपक्ष की एकजुटता दिखाकर चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और तेज होगा।
Next Story