✕
नामांकन के बाद बोले रेड्डी; असहमति का भी सम्मान हो
By EditorialPublished on
उपराष्ट्रपति पद की जंग तेज़ हो गई है। इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने नामांकन दाखिल करते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।

x

उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्षी गठबंधन इंडिया (INDIA) ने अपने उम्मीदवार के रूप में बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। गुरुवार को नामांकन दाखिल करने के बाद रेड्डी ने कहा कि यह चुनाव किसी व्यक्ति के बारे में नहीं है, बल्कि देश की अवधारणाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं के बारे में है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद को निष्ठा के साथ काम करना चाहिए, असहमति का सम्मान होना चाहिए और संस्थाओं को स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए।
नामांकन को बताया सौभाग्य :
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद दिए बयान में सुदर्शन रेड्डी ने कहा – “आज मुझे विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने का सौभाग्य मिला। मैंने यह नामांकन विनम्रता, जिम्मेदारी और संविधान में निहित मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ दाखिल किया है।”
विविधता में एकता ही ताकत :
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और पूर्व लोकायुक्त रह चुके सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लंबे अनुभव ने उन्हें यह सिखाया है कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में छिपी एकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, संवैधानिक नैतिकता की रक्षा और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखना बेहद जरूरी है।
रेड्डी ने स्पष्ट किया कि यदि वह उपराष्ट्रपति पद पर निर्वाचित होते हैं तो राज्यसभा के सभापति के रूप में वह संसदीय लोकतंत्र की सर्वोच्च परंपराओं की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा – “मैं निष्पक्षता, गरिमा और संवाद के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेता हूँ।”
विपक्ष का जताया आभार :
अपने बयान में सुदर्शन रेड्डी ने विपक्षी दलों के नेताओं का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन्हें उम्मीदवार बनाकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह भरोसा उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने उन अनगिनत नागरिकों का भी धन्यवाद किया जो न्याय, समानता और सद्भाव के सामूहिक संघर्ष को लगातार प्रेरित करते हैं।
रेड्डी ने कहा – “अपने संविधान में आस्था और अपने लोगों में आशा के साथ, मैं इस यात्रा पर आगे बढ़ रहा हूँ। हमारी लोकतांत्रिक भावना हम सभी का मार्गदर्शन करती रहे, यही मेरी कामना है।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
चुनाव होगा दिलचस्प :
उपराष्ट्रपति पद की इस दौड़ में विपक्ष के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी का मुकाबला एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से होगा। दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से आते हैं, जिससे यह मुकाबला और दिलचस्प बन गया है। एक तरफ राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं तो दूसरी तरफ रेड्डी आंध्र प्रदेश (वर्तमान तेलंगाना) से ताल्लुक रखते हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
