दिल्ली पुलिस कमिश्नर
दिल्ली पुलिस को आखिरकार गुरुवार (21 अगस्त) को नया फुल टाइम बॉस मिल गया। दिल्ली-यूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी और तिहाड़ जेल के महानिदेशक (डीजी) सतीश गोलचा को राष्ट्रीय राजधानी का नया दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह अब तक इस पद का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे आईपीएस एसबीके सिंह की जगह लेंगे।
सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के बाद बदलाव :
गोलचा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे। बुधवार (20 अगस्त) को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके सरकारी आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था। हमलावर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया। इस घटना के अगले ही दिन सरकार ने दिल्ली पुलिस की कमान बदलने का बड़ा फैसला लिया।
कौन हैं सतीश गोलचा ?
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि सतीश गोलचा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। गोलचा दिल्ली पुलिस में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने डीसीपी, ज्वाइंट सीपी और स्पेशल सीपी जैसे दायित्व संभाले हैं।
वह स्पेशल सीपी (इंटेलिजेंस) भी रह चुके हैं और 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी उनके पास थी। इसके अलावा, सतीश गोलचा अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी भी रह चुके हैं। अपने सख्त लेकिन व्यवहारिक रवैये के कारण वह पुलिसिंग और प्रशासन में एक मजबूत छवि रखते हैं।
सिर्फ 22 दिन में बड़ा बदलाव :
दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर यह बदलाव केवल 22 दिनों के भीतर हुआ है। 31 जुलाई को आईपीएस संजय अरोड़ा के रिटायर होने के बाद 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह को इस पद का एडिशनल चार्ज दिया गया था। लेकिन उनका रिटायरमेंट अगले छह महीने में होना है, ऐसे में अब यह जिम्मेदारी स्थायी तौर पर सतीश गोलचा को सौंप दी गई है।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
क्या बदलेंगे हालात ?
सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनाना सरकार का एक सख्त और रणनीतिक कदम माना जा रहा है। सीएम रेखा गुप्ता पर हमले ने साफ कर दिया था कि राजधानी में सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की जरूरत है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गोलचा किस तरह दिल्ली की कानून-व्यवस्था को संभालते हैं और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ संवेदनशील मामलों को किस तरह हैंडल करते हैं।
दिल्ली पुलिस की कमान सतीश गोलचा के हाथ में आना सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार का गंभीर संदेश भी है। वह अपने अनुभव और सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि नए दिल्ली पुलिस कमिश्नर के तौर पर वह किन प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ते हैं।
Editorial

Editorial

Next Story