नई दिल्ली, 21 अगस्त 2025
भारत में क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। देश-विदेश में विभिन्न क्रॉसवर्ड प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रसिद्ध गैर-लाभकारी संस्था एक्स्ट्रा-सी (Xtra-C) ने बहुप्रतीक्षित इंडियन क्रॉसवर्ड लीग (IXL) 2025 के 13वें संस्करण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से www.crypticsingh.com
पर शुरू होगा।
प्रतियोगिता के चरण
यह प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी—ऑनलाइन राउंड्स और ग्रैंड फिनाले।
पहला चरण (ऑनलाइन राउंड्स):
शुरुआत होगी 7 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाले प्रैक्टिस राउंड से।
इसके बाद कुल 10 साप्ताहिक ऑनलाइन राउंड्स खेले जाएंगे।
प्रत्येक राउंड रविवार सुबह 11:00 बजे से बुधवार रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा, ताकि प्रतिभागी अपनी सुविधा अनुसार इसमें हिस्सा ले सकें।
ऑनलाइन राउंड्स की तिथियां इस प्रकार होंगी:
प्रैक्टिस राउंड: 7 सितम्बर 2025
राउंड 1: 14 सितम्बर 2025
राउंड 2: 21 सितम्बर 2025
राउंड 3: 28 सितम्बर 2025
राउंड 4: 5 अक्टूबर 2025
राउंड 5: 12 अक्टूबर 2025
राउंड 6: 19 अक्टूबर 2025
राउंड 7: 26 अक्टूबर 2025
राउंड 8: 2 नवम्बर 2025
राउंड 9: 9 नवम्बर 2025
राउंड 10: 16 नवम्बर 2025
दूसरा चरण (ग्रैंड फिनाले):
ऑनलाइन राउंड्स से चयनित शीर्ष 30 प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
यह फिनाले बेंगलुरु में रविवार, 21 दिसम्बर 2025 (संभावित तिथि) को आयोजित होगा।
अंतरराष्ट्रीय पहचान और भारतीय गौरव
इंडियन क्रॉसवर्ड लीग अब तक कई अंतरराष्ट्रीय और भारतीय दिग्गजों की प्रतिभागिता का गवाह रहा है। अमेरिका के एरिक एगार्ड और नेविल फोगार्टी, ऑस्ट्रेलिया के फिलिप कूट, सिंगापुर के कोह टिंग स्वीन केनी जैसे नामचीन क्रॉसवर्ड विशेषज्ञ इसमें हिस्सा ले चुके हैं। वहीं भारत से रामकी कृष्णन और शशवत सालगांवकर जैसे चैम्पियन भी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
इससे पहले जून 2025 में लंदन में आयोजित वर्ल्ड क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड कॉन्टेस्ट ने वैश्विक स्तर पर क्रॉसवर्ड प्रेमियों को एक मंच पर लाया था। अब IXL के जरिए फिर से देश और दुनिया के दिग्गज दिमागों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
प्रतियोगिता का इतिहास
गौरतलब है कि इंडियन क्रॉसवर्ड लीग (IXL) को वर्ष 2013 में एक्स्ट्रा-सी ने क्रॉसवर्ड के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किया था। तब से यह प्रतियोगिता भारतीय क्रॉसवर्ड प्रेमियों के लिए सबसे चर्चित और सम्मानित मंच बन चुकी है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें हर उम्र और हर देश के प्रतिभागियों को भाग लेने का मौका मिलता है।
Next Story