रेलवे ने देशभर में शुरू किया स्वच्छता अभियान


नई दिल्ली—
भारतीय रेलवे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर को स्वच्छता से जोड़ते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। 1 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक रेलवे ने देशभर के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का शुभारंभ रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से किया।


शपथ, श्रमदान और संवाद से हुआ शुभारंभ
शपथ, श्रमदान और संवाद से हुआ शुभारंभ


इस मौके पर सतीश कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर स्टेशन पर श्रमदान में भाग लिया और पौधारोपण भी किया। सतीश कुमार ने सफाई मशीनों का निरीक्षण किया और यात्रियों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझावों को भी सुना।

उन्होंने कहा, “स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम केवल एक अभियान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसे हमारी दिनचर्या और कार्यसंस्कृति में शामिल कर रहे हैं। दिल्ली स्टेशन पर पहले और अब के दृश्य में काफी अंतर आया है। पहले जहां कचरे का अंबार था, आज वहां हरियाली है।”


नुक्कड़ नाटक और यात्रियों से संवाद

अध्यक्ष सतीश कुमार ने यह भी बताया कि स्टेशन परिसरों में यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। रेलवे इस अभियान को दो चरणों में चला रहा है — पहला चरण 1 से 15 अगस्त तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 16 अगस्त से अक्टूबर तक जारी रहेगा।





देशभर में फैला स्वच्छता का संदेश

इस अभियान के अंतर्गत देश के 7,000 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर रेलवे कर्मचारी और अधिकारी सफाई कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। ट्रेनों की सफाई, स्टेशन परिसरों की सफाई, कचरा प्रबंधन, यात्रियों की शिकायतों का तत्काल समाधान जैसे अनेक बिंदुओं पर कार्य किया जा रहा है। ‘क्लीन ट्रेन स्टेशन’ व्यवस्था के तहत ट्रेनें रवाना होने से पहले साफ की जा रही हैं, और ‘रेल मदद’ ऐप पर दर्ज की गई शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।


रेलवे अधिकारियों ने संभाले मोर्चे

देशभर के विभिन्न स्टेशनों पर रेलवे के शीर्ष अधिकारियों ने अभियान का नेतृत्व किया:

  • नवीन गुलाटी (सदस्य, इन्फ्रास्ट्रक्चर) — दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन

  • ब्रज मोहन अग्रवाल (सदस्य, ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक) — हजरत निजामुद्दीन स्टेशन

  • हितेन्द्र मल्होत्रा (सदस्य, ऑपरेशन एवं बिजनेस डेवलपमेंट) — दिल्ली कैंट स्टेशन

  • उषा वेंणुगोपाल (सदस्य, वित्त) — दिल्ली जंक्शन

  • आर. राजगोपाल (महानिदेशक, मानव संसाधन) — आनंद विहार टर्मिनल

  • हरि शंकर वर्मा (महानिदेशक, सुरक्षा) — फरीदाबाद स्टेशन

  • डॉ. जगदीश चंद्रा (महानिदेशक, रेलवे स्वास्थ्य सेवा) — तुगलकाबाद स्टेशन


रेलवे की प्राथमिकता — स्वच्छ स्टेशन, स्वस्थ यात्री

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। रेलवे का यह प्रयास केवल एक औपचारिक अभियान नहीं है, बल्कि यह एक स्थायी परिवर्तन की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है।

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने अंत में कहा, "स्वच्छता केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है। रेलवे इसके लिए पूरी तरह समर्पित है, ताकि यात्री स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव कर सकें।"


Editorial

Editorial

Next Story