✕
कुरियर ब्वॉय ने चुराए 3 करोड़ के स्वर्णाभूषण
By EditorialPublished on
नौकरी जॉइन करने के सिर्फ तीन दिन बाद ही एक डिलीवरी ब्वॉय को 17 बैग सोने के आभूषणों की चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

x

मुंबई। नौकरी जॉइन करने के सिर्फ तीन दिन बाद ही एक डिलीवरी ब्वॉय को 17 बैग सोने के आभूषणों की चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। चोरी किए गए स्वर्णाभूषणों की कीमत 2.9 करोड़ रुपये बताई गई है। इन आभूषणों को उसने दक्षिण मुंबई के जूलरी दुकानों से ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए लिया था। विलेपार्ले पुलिस ने आरोपी मेहुल गर्ग (24) को मंगलवार को उदयपुर स्थित उसके घर से कीमती आभूषणों सहित पकड़ा। गर्ग को 2 अगस्त को जय अंबे कुरियर सर्विसेज में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में नियुक्त किया गया था। पुलिस के अनुसार, उसने लालच में और जल्दी पैसा कमाने के इरादे से चोरी की। उसे अपने नियोक्ता द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में डाले गए पार्सल के विवरण की जानकारी मिली, जिसमें वह भी शामिल था, जिसके तहत उसे सामान इकट्ठा कर डिलीवर करना था।
गर्ग के खिलाफ 7 अगस्त को केस दर्ज किया गया, एक दिन बाद जब उसके नियोक्ता साहिल कोठारी (29) ने उसकी तलाश की और जानकारी जुटाई कि 5 अगस्त को वह जवेरी बाजार के विभिन्न जूलरों से सामान लेकर उसी शाम मुंबई से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, गर्ग पिछले महीने मुंबई इसी इरादे से आया था कि वह चोरी करेगा, क्योंकि उसे पता था कि यह कुरियर फर्म ग्राहकों को सोने और हीरे के आभूषणों की डिलीवरी करती है। उसने चोरी का माल अपने घर में छुपा रखा है।
गर्ग ने 2023 से मार्च 2024 तक कोठारी के साथ काम किया था, उसके बाद नौकरी छोड़कर राजस्थान के अपने गांव लौट गया था। बाद में उसने कोठारी को फोन कर दोबारा नौकरी देने का अनुरोध किया। शिकायत में कोठारी ने कहा, “गर्ग पिछले कई महीनों से लगातार फोन कर नौकरी के बारे में पूछ रहा था, लेकिन मेरी फर्म में पहले से चार कर्मचारी थे, इसलिए मैंने उसे नहीं रखा। 2 अगस्त को मैंने उसे बुलाया क्योंकि एक कर्मचारी ने नौकरी छोड़ दी थी।” एफआईआर में कोठारी ने कहा, “5 अगस्त को शाम 7.10 बजे गर्ग ने फोन कर बताया कि उसका पार्सल बैग भर गया है और मोबाइल में सिर्फ 5% चार्ज बचा है, जो किसी भी समय बंद हो सकता है। इसके बाद वह संपर्क में नहीं आया।”
पुलिस ने गर्ग के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

Editorial
Next Story
Related News
X
