रेल डिब्बा कारखाना कपूरथला में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न



कपूरथला, 16 अगस्त 2025: रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ) कपूरथला में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री एस.एस. मिश्र ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स तथा सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की परेड का निरीक्षण किया।
महाराजा रणजीत सिंह स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक श्री मिश्र ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी हमें बहुत संघर्ष और त्याग के बाद मिली है, इसलिए हमें इसे बनाए रखने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करना चाहिए।
अपने संबोधन में श्री मिश्र ने बताया कि आरसीएफ इस वर्ष वंदे भारत ट्रेनसेट सहित कई नई और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इसके साथ ही आरसीएफ को वंदे मेट्रो, बांग्लादेश रेलवे के लिए कोच, हाई स्पीड स्वचालित दुर्घटना राहत ट्रेन, स्वचालित निरीक्षण ट्रेन और अमृत भारत ट्रेनसेट के निर्माण का लक्ष्य सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से न केवल भारतीय रेलवे की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि देश की तकनीकी ताकत को भी नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।
महाप्रबंधक ने इस अवसर पर कर्मचारियों की मेहनत और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आरसीएफ परिवार की एकजुटता और समर्पण ही यहां की सफलता की असली ताकत है।
कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मधुमिता मिश्र, कारखाने के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे आरसीएफ परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से सजाया गया, जो देशभक्ति और उत्सव का सुंदर दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
Next Story