✕
शहबाज शरीफ के सिंधु जल बयान पर ओवैसी का तीखा वार
By EditorialPublished on 13 Aug 2025 5:30 AM IST
इंडस वॉटर ट्रीटी पर पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बयान का जवाब देते हुए AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने तीखा हमला बोला. ओवैसी ने कहा कि अब भारत पर ऐसी धमकियों का कोई असर नहीं होगा और पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने का भी विरोध किया.

x

भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. हाल ही में भारत द्वारा इस संधि को स्थगित किए जाने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कड़ा बयान देते हुए कहा था कि "दुश्मन (भारत) पाकिस्तान से एक बूंद पानी भी नहीं छीन सकता." इस बयान पर एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
ओवैसी ने शहबाज शरीफ के बयान को "बकवास" करार देते हुए कहा, "हमारे पास ब्रह्मोस है, पाकिस्तान को इस तरह की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए." उन्होंने साफ कहा कि अब भारत पर ऐसी धमकियों का कोई असर नहीं होने वाला. ओवैसी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "बहुत हो गया. अब पाकिस्तान को समझ लेना चाहिए कि भारत पहले जैसा नहीं रहा."
क्रिकेट पर भी साधा निशाना :
पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने के सवाल पर ओवैसी ने कहा, "मैं क्रिकेट मैच देखने नहीं जा रहा हूं. मेरी अंतरात्मा, मेरा दिल इसकी इजाजत नहीं देता. हमें उस देश के साथ क्रिकेट क्यों खेलना है जो हमें रोज धमकी देता है?" उनका यह बयान भारत-पाक क्रिकेट संबंधों पर भी सवाल खड़े करता है.
भारत का कड़ा रुख :
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के एक दिन बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए थे. इनमें 1960 में हुई सिंधु जल संधि को स्थगित करना भी शामिल था. यह संधि विश्व बैंक की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई थी, जिसमें छह नदियों – सिंधु, झेलम, चेनाब, रावी, व्यास और सतलुज – के जल बंटवारे का प्रावधान है. भारत के इस फैसले के बाद पाकिस्तान लगातार आपत्ति जता रहा है और पानी रोकने को युद्ध की कार्रवाई मानने की धमकी दे रहा है.
पाकिस्तान की चेतावनी :
पाक पीएम शहबाज शरीफ ने हाल ही में बयान दिया, "मैं दुश्मन को बताना चाहता हूं कि अगर आप हमारा पानी रोकने की धमकी देते हैं तो ध्यान रखें कि पाकिस्तान के पानी की एक बूंद भी नहीं छीनी जा सकती." उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत ने ऐसा किया तो उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा जिसे वह कभी नहीं भूल पाएगा.
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
अमेरिका पर भी बरसे ओवैसी :
इस विवाद के बीच ओवैसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, "ट्रंप को तय करना होगा कि वे उस देश के साथ व्यापार करेंगे जहां आतंकवाद एक व्यापार है या भारत के साथ, जो एक रणनीतिक सहयोगी रहा है." उन्होंने मोदी सरकार से इस मामले पर सख्त राजनीतिक बयान देने की भी मांग की.
भारत-पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि पर यह टकराव आने वाले दिनों में और भी गहरा सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह विवाद सुलझा नहीं तो दोनों देशों के रिश्तों में और कटुता बढ़ेगी, जिसका असर न सिर्फ कूटनीतिक मोर्चे पर बल्कि आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों पर भी पड़ेगा.

Editorial
Next Story
Related News
X
