ऑपरेशन ‘नया सवेरा’ में सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लड़कियां मुक्त, 7 आरोपी गिरफ्तार
बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत सारण पुलिस ने आज अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लड़कियों को मुक्त कराया, जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग शामिल हैं। ये लड़कियां विभिन्न आर्केस्ट्रा में जबरन नृत्य कराने के लिए रखी गई थीं। इस कार्रवाई में 7 आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।


सारण, 13 अगस्त 2025। बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ के तहत सारण पुलिस ने आज अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लड़कियों को मुक्त कराया, जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग शामिल हैं। ये लड़कियां विभिन्न आर्केस्ट्रा में जबरन नृत्य कराने के लिए रखी गई थीं। इस कार्रवाई में 7 आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
यह छापेमारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगी के पत्र के आलोक में की गई। महिला थाना, इसुआपुर थाना, एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) सारण और कई सामाजिक संस्थाओं—मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण और रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन पश्चिम बंगाल—की टीम ने संयुक्त रूप से राहुल आर्केस्ट्रा, संगीता आर्केस्ट्रा, मुस्कान आर्केस्ट्रा और विपिन आर्केस्ट्रा में घेराबंदी कर छापामारी की।
इस दौरान पश्चिम बंगाल की 6, ओडिशा की 1, झारखंड की 1 और बिहार की 2 लड़कियों को मुक्त कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
-
नीरज यादव, पिता लालबाबू राय, निवासी गोपालबाड़ी, थाना मशरक, जिला सारण
-
तालिब खान, पिता मरहूम आलम मियां, निवासी खैरा, थाना खैरा, जिला सारण
-
शुभम कुमार, पिता शिवनारायण प्रसाद, निवासी गोपालबाड़ी, थाना मशरक, जिला सारण
-
जुनाब हुसैन, पिता अबुल हुसैन, निवासी सहवां नवादा, थाना इसुआपुर, जिला सारण
-
अंकित कुमार, पिता कन्हैया भगत, निवासी मिर्जापुर, थाना मढ़ौरा, जिला सारण
-
मो. बिट्टू हासमी, पिता मो. मिनशरीफ हारामी, निवासी मुरयां, थाना इसुआपुर, जिला सारण
-
चंदन कुमार तिवारी, पिता गौतम तिवारी, निवासी सनीली खाना, जिला सारण
इस संबंध में महिला थाना कांड सं. 74/25 दिनांक 13.08.2025 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मई 2024 से अब तक 215 लड़कियां मुक्त
एसएसपी सारण के अनुसार, मई 2024 से अब तक जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 215 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 27 कांड दर्ज किए गए और 79 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है।
जनता से अपील
मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार पर रोक के लिए 31 जुलाई से 14 अगस्त 2025 तक ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ चलाया जा रहा है। इसके साथ ही सारण पुलिस महिलाओं के शोषण के खिलाफ स्थानीय अभियान ‘आवाज दो’ भी चला रही है। पुलिस ने अपील की है कि अगर किसी को ऐसी गतिविधियों की जानकारी हो या कोई महिला इस तरह की परेशानी से जूझ रही हो, तो तुरंत ‘आवाज दो’ हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के शोषण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

