पटना में 766.73 करोड़ की 6 बड़ी योजनाओं का शिलान्यास, सीएम नीतीश कुमार ने दिए तेजी से काम पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना शहरी (पश्चिमी क्षेत्र) के अंतर्गत पथ निर्माण विभाग की कुल 766.73 करोड़ रुपये लागत वाली 6 महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। ये सभी योजनाएं उनकी ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित हैं और इनका उद्देश्य पश्चिमी पटना में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा जाम की समस्या को कम करना है।


पटना — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना शहरी (पश्चिमी क्षेत्र) के अंतर्गत पथ निर्माण विभाग की कुल 766.73 करोड़ रुपये लागत वाली 6 महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। ये सभी योजनाएं उनकी ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित हैं और इनका उद्देश्य पश्चिमी पटना में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा जाम की समस्या को कम करना है।
एम्स गोलंबर से जानीपुर-पैनापुर नेव तक 2 लेन चौड़ीकरण
कार्यक्रम की शुरुआत एम्स गोलंबर पर आयोजित समारोह से हुई, जहां सीएम ने 138.5 करोड़ रुपये की लागत से एम्स गोलंबर से जानीपुर-पैनापुर नेव (बिहटा-सरमेरा पटना रिंग रोड का जंक्शन) तक 10.5 किलोमीटर लंबी सड़क के 2 लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर और नौबतपुर समेत पश्चिमी पटना से आने-जाने वालों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
नौबतपुर-लख में फ्लाईओवर
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 73.06 करोड़ रुपये की लागत से नौबतपुर-मसौढ़ी मार्ग के 17वें किलोमीटर पर नौबतपुर लख में 1.015 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के बन जाने से नौबतपुर लख पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और पटना से मसौढ़ी तक आवागमन सुगम होगा।
खगौल नेहरू पथ चौड़ीकरण
इसके बाद कोथवां, रुपसपुर नहर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 71.48 करोड़ रुपये की लागत से खगौल नेहरू पथ का अशोक राजपथ से रुपसपुर नहर पथ तक 6.9 किलोमीटर लंबी सड़क के फोर लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ से जुड़ने के बाद इस मार्ग से पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन तक की पहुंच बेहतर होगी।
दीघा-एम्स पाटली पथ से नेहरू पथ तक कनेक्टिविटी
नेहरू पथ पर पाटली पथ के नीचे आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने 143.86 करोड़ रुपये की लागत से दीघा-एम्स पाटली पथ को दानापुर की ओर नेहरू पथ से जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दीघा से खगौल के बीच रहने वाले लोगों को पाटली पथ का सीधा लाभ मिलेगा और नेहरू पथ पर यातायात का दबाव कम होगा।
रुपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ निर्माण एवं भूमिगत नाला
इसी मौके पर मुख्यमंत्री ने 318.51 करोड़ रुपये की लागत से रुपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक 2.7 किलोमीटर लंबे नेहरू पथ के दोनों ओर भूमिगत नाला निर्माण और सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी पटना क्षेत्र में यातायात सुधार और जल निकासी की बड़ी समस्या को हल करेगी।
गोला रोड चौड़ीकरण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 21.35 करोड़ रुपये की लागत से नेहरू पथ से गोला रोड तक 2.20 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि गोला रोड पश्चिमी पटना के नए विकसित क्षेत्रों के लिए मुख्य मार्ग है, और चौड़ीकरण से यहां के निवासियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत होगी।
सीएम के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा, “बहुत खुशी की बात है कि आज प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिले के लिए की गई घोषणाओं से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास हुआ है। इन पर तुरंत काम शुरू कर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इन योजनाओं से पश्चिमी पटना के यातायात में बड़ा सुधार होगा, जाम की समस्या घटेगी और पाटली पथ, जेपी सेतु और एम्स तक पहुंचना आसान होगा।”
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई दिग्गज
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान पार्षद रविंद्र कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, सचिव कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुदुकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

