15 अगस्त, चेहल्लुम और जन्माष्टमी पर बिहार पुलिस हाई अलर्ट, हर कोने पर कड़ी निगरानी
स्वतंत्रता दिवस, चेहल्लुम और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनज़र बिहार पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है और खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। आदेश साफ है—कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तुरंत और सख्त कार्रवाई होगी। कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग हो रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।


पटना, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस, चेहल्लुम और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनज़र बिहार पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है और खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। आदेश साफ है—कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तुरंत और सख्त कार्रवाई होगी। कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग हो रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
खास इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल
एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज दराद ने बताया कि 15 अगस्त के अगले दिन यानी 16 अगस्त को चेहल्लुम का पर्व है, जिसे मुस्लिम समुदाय बड़े पैमाने पर मनाता है। इसे ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और खास आबादी वाले इलाकों को चिह्नित किया गया है। इन क्षेत्रों में एसपी, डीएम और दंडाधिकारियों के साथ बैठक कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
ताजिया जुलूस की होगी वीडियोग्राफी
चेहल्लुम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस की पूरी वीडियोग्राफी की जाएगी। पंकज दराद ने बताया कि मुस्लिम बहुल इलाकों में शांति समितियों की बैठक आयोजित की गई है, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और बिना किसी विवाद के संपन्न हो। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीजे पर सख्त बैन
बिहार पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चेहल्लुम के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। एडीजी दराद ने कहा, "चेहल्लुम मातम का पर्व है। यदि किसी ने डीजे बजाया तो उस पर सीधी कार्रवाई होगी।" साथ ही, यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सीसीए के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
8,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
त्योहारों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पंकज दराद ने बताया कि इस समय बिहार पुलिस के पास 8,000 से अधिक ट्रेनी रिक्रूट, सैप की 40 कंपनियां, 12 अतिरिक्त डीजी रिज़र्व और सीआरपीएफ की 7 कंपनियां उपलब्ध हैं। जरूरत के अनुसार इन बलों को पूरे राज्य में तैनात किया जाएगा।
बिहार पुलिस का कहना है कि 15 अगस्त से चेहल्लुम और जन्माष्टमी तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी, और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

