अहमदाबाद विमान हादसे का राज उजागर; जांच टीम ने दी रिपोर्ट!
अहमदाबाद में हुए भयावह एयर इंडिया विमान हादसे की जांच में अहम अपडेट सामने आई है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट नागरिक उड्डयन मंत्रालय को सौंप दी है। हालांकि रिपोर्ट के निष्कर्षों को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। यह जानकारी न्यूज एजेंसी ANI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से दी है।
अब तक क्या हुआ है पता ?
12 जून को लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद हादसे का शिकार हो गया था। विमान मेघाणीनगर इलाके के एक हॉस्टल परिसर पर आ गिरा। इस हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों समेत कुल 260 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के तुरंत बाद केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए थे।
ब्लैक बॉक्स से मिली अहम जानकारी :
हादसे के तुरंत बाद क्रैश साइट से विमान का ब्लैक बॉक्स सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, ब्लैक बॉक्स के क्रैश प्रोटेक्शन मॉड्यूल (CPM) से 25 जून 2025 को विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की लैब में डेटा सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया।
ब्लैक बॉक्स में उड़ान के तकनीकी आंकड़े और कॉकपिट संवाद दर्ज होते हैं, जो हादसे के कारणों का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञ अब इन डेटा का गहराई से विश्लेषण कर रहे हैं ताकि यह साफ हो सके कि दुर्घटना तकनीकी खामी से हुई या फिर किसी मानवीय गलती का परिणाम थी।

हादसे का इकलौता चश्मदीद :
हादसे में चमत्कारिक रूप से विमान में सवार एक यात्री बच गया था, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस यात्री के बयान भी जांच का अहम हिस्सा होंगे।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
पूरे देश में शोक :
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी। प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं और हस्तियों ने घटना पर गहरा दुख जताया था। AAIB की टीम अभी मामले की विस्तृत समीक्षा कर रही है और जल्द ही पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक होने की उम्मीद है। तब तक हादसे के असली कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है।
Next Story