✕
कर्पूरीग्राम बना मॉडर्न स्टेशन; नई योजनाओं का शिलान्यास!
By EditorialPublished on
बिहार में रेलवे विकास कार्यों को नई रफ्तार देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कई बड़ी घोषणाएं कीं। पटना से लेकर कर्पूरीग्राम और समस्तीपुर तक उन्होंने रेलवे स्टेशनों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया और यात्रियों के लिए नई योजनाओं का शिलान्यास किया। कर्पूरीग्राम स्टेशन को आधुनिक बनाने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार पर खास जोर दिया गया है।

x
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अपने बिहार दौरे के तहत आज पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई रेलवे परियोजनाओं का निरीक्षण और शिलान्यास कर विकास कार्यों की रफ्तार को और तेज करने के निर्देश दिए। रेल मंत्री ने सबसे पहले दीघा ब्रिज हाल्ट का निरीक्षण किया और फिर दीघा ब्रिज हाल्ट से कर्पूरीग्राम स्टेशन के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कर्पूरीग्राम स्टेशन पहुंचकर रेल मंत्री ने स्टेशन के उन्नयन कार्य और पश्चिमी छोर पर सब-वे के निर्माण का शिलान्यास किया।
कर्पूरीग्राम स्टेशन पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं :
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि कर्पूरीग्राम स्टेशन का 3.30 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए यहां 18 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज (FOB) और 14 करोड़ रुपये की लागत से पश्चिमी छोर पर एक सब-वे बनाया जाएगा। यह सब-वे स्थानीय बस्तियों को जोड़ने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संचालन को भी अधिक सुगम बनाएगा।
समस्तीपुर में की गई उच्च स्तरीय बैठक :
इसके बाद रेल मंत्री समस्तीपुर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। समस्तीपुर मंडल के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उन्होंने ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया। बाद में, एक उच्च स्तरीय बैठक में रेल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने समय-सीमा के भीतर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
माल परिवहन और रोजगार पर विशेष ध्यान :
रेल मंत्री ने कहा कि माल यातायात में रेलवे की हिस्सेदारी 20% से बढ़कर 29% हो चुकी है, और इसे 35% तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले 11 वर्षों में 35,000 किलोमीटर से अधिक नए रेलवे ट्रैक बनाए गए हैं। उन्होंने रेलवे में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वार्षिक कैलेंडर का जिक्र किया और समय पर परीक्षा कराने के निर्देश दिए।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
भविष्य की योजनाओं की झलक :
रेल मंत्री ने निर्देश दिए कि जहां आरओबी (रेल ओवरब्रिज) बनाना संभव न हो, वहां लाइट आरओबी बनाए जाएं। कंटेनर डिपो के निर्माण से माल परिवहन को गति देने की बात कही गई। उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे को देश का पहला ऐसा जोन बनाने का लक्ष्य दिया जो 100% इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से लैस हो। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, समस्तीपुर सांसद श्रीमती शांभवी, बिहार विधान परिषद के विधायक डॉ. तरूण कुमार समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Editorial
Next Story
Related News
X
