✕
सुकन्या योजना का फायदा अब मोबाइल से; घर बैठे खोलें खाता
By EditorialPublished on
अब सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) के तहत अपनी बेटी का भविष्य सुरक्षित करना और भी आसान हो गया है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप PNB ONE के जरिए घर बैठे ऑनलाइन अकाउंट खोलने की सुविधा शुरू कर दी है। अब ग्राहकों को बैंक जाने की जरूरत नहीं होगी, सिर्फ कुछ मिनटों में मोबाइल से ही सुकन्या समृद्धि अकाउंट खोला जा सकता है।

x
बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) को अब और भी आसान बना दिया गया है। यह योजना भारत सरकार की एक स्मॉल सेविंग स्कीम है, जिसका मकसद बेटियों की शिक्षा और शादी के लिए आर्थिक मदद तैयार करना है। अब तक इस योजना के तहत अकाउंट खोलने के लिए लोगों को बैंक या पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे और वहां फॉर्म भरकर जमा कराना पड़ता था। लेकिन अब इस झंझट से राहत मिल गई है।
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब आप घर बैठे अपने मोबाइल से ही सुकन्या समृद्धि अकाउंट खोल सकते हैं। इसके लिए बैंक ने अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप PNB ONE पर यह सुविधा शुरू की है। इससे न केवल इस योजना को अपनाना आसान होगा, बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी पहुंच भी बढ़ेगी और महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कैसे खोलें अकाउंट ?
अकाउंट खोलने के लिए सबसे पहले अपने मोबाइल पर PNB ONE ऐप खोलें। इसके बाद मेन मेन्यू में जाकर ‘Services’ ऑप्शन चुनें। फिर ‘Govt Initiative’ पर क्लिक करें और वहां से ‘Sukanya Samriddhi Account Opening’ ऑप्शन चुनें। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रोसेस पूरा करें और आपका अकाउंट मिनटों में खुल जाएगा।
अभी कुछ कामों के लिए बैंक जाना जरूरी :
हालांकि अकाउंट खोलने की सुविधा तो ऑनलाइन उपलब्ध है, लेकिन अगर आपको आंशिक निकासी करनी हो, खाता बंद करना हो या समय से पहले अकाउंट क्लोज करना हो, तो इसके लिए आपको बैंक शाखा में जाना पड़ेगा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
क्या हैं इस योजना के फायदे ?
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये सालाना जमा किए जा सकते हैं। यह खाता 10 साल से कम उम्र की बच्ची के नाम पर खोला जाता है। इस पर फिलहाल 8.2% तक का सालाना ब्याज मिलता है। साथ ही, जमा राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है। इस योजना में मैच्योरिटी पीरियड 21 साल का होता है, लेकिन बच्ची के 18 साल के होने पर आंशिक निकासी की सुविधा मिलती है। अब देखना यह होगा कि इस डिजिटल सुविधा से कितने लोग इस योजना से जुड़ते हैं और अपनी बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाते हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
