हीरा घोटाले में नया मोड़; नीरव मोदी का भाई अमेरिका में गिरफ्तार
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में फरार चल रहे नीरव मोदी के भाई नेहाल मोदी को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने भारत सरकार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 4 जुलाई 2025 को उसे हिरासत में लिया गया। नेहाल मोदी की गिरफ्तारी भारत की प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दायर किए गए प्रत्यर्पण अनुरोध (Extradition Request) के आधार पर हुई है।

काले धन को सफेद करने में निभाई थी बड़ी भूमिका :
नेहाल मोदी PNB घोटाले में वांटेड है, जो भारत के सबसे बड़े बैंकिंग घोटालों में से एक है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसने अपने भाई नीरव मोदी के लिए काले धन को सफेद करने और उसे छुपाने में अहम भूमिका निभाई थी। जांच में सामने आया है कि नेहाल ने कई शेल कंपनियों के जरिए अवैध रूप से कमाई गई बड़ी रकम को विदेशों में इधर-उधर किया ताकि उसे ट्रैक न किया जा सके।
17 जुलाई को होगी अगली सुनवाई :
नेहाल मोदी के प्रत्यर्पण से जुड़ी अगली सुनवाई 17 जुलाई को अमेरिका की कोर्ट में होगी। उस दिन कोर्ट में स्टेटस कॉन्फ्रेंस के साथ ही नेहाल मोदी की ओर से जमानत की अर्जी भी दी जा सकती है। हालांकि अमेरिकी सरकारी वकील इसके विरोध में दलील देंगे।
भारत सरकार की कोशिश है कि नेहाल मोदी को जल्द से जल्द भारत लाकर उसके खिलाफ देश के कानून के तहत मुकदमा चलाया जाए। यदि प्रत्यर्पण प्रक्रिया सफल होती है, तो यह भारत के लिए बड़ा कानूनी और कूटनीतिक कदम माना जाएगा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
नीरव मोदी पहले से ही ब्रिटेन में बंद :
गौरतलब है कि नीरव मोदी पहले से ही लंदन की जेल में बंद है और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अब उसके भाई की गिरफ्तारी से PNB घोटाले की जांच को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह गिरफ्तारी भारत की अंतरराष्ट्रीय कानूनी कोशिशों की बड़ी सफलता मानी जा रही है और इससे भगोड़ों के खिलाफ कार्रवाई के प्रयासों को बल मिल सकता है।
Editorial

Editorial

Next Story