भारतीय नौसेना को मिली पहली महिला फाइटर पायलट..
भारतीय नौसेना में इतिहास रचते हुए सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं। अब तक नौसेना के टोही विमानों और हेलीकॉप्टरों में महिलाएं पायलट के रूप में कार्यरत थीं, लेकिन पहली बार कोई महिला फाइटर जेट उड़ाने जा रही है। आस्था पुनिया का यह कदम भारतीय नौसेना और देश दोनों के लिए गर्व का क्षण है।
नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) पर इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा की। पोस्ट में लिखा गया, “नेवल एविएशन में एक नया अध्याय जुड़ गया है। 3 जुलाई 2025 को इंडियन नेवल एयर स्टेशन पर द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के समापन के साथ ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित हुआ।” इस अवसर पर रियर एडमिरल जनक बेवली ने आस्था पुनिया और लेफ्टिनेंट अतुल कुमार ढुल को प्रतिष्ठित 'विंग्स ऑफ गोल्ड' सम्मान से नवाजा।
कौनसा फाइटर जेट उड़ाएंगी आस्था पुनिया ?
हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आस्था पुनिया कौनसा फाइटर एयरक्राफ्ट उड़ाएंगी, लेकिन भारतीय नौसेना के पास वर्तमान में मिग-29 जैसे घातक फाइटर जेट हैं। ये विमान विशेष रूप से INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत एयरक्राफ्ट कैरियर से ऑपरेट होते हैं।
मिग-29 एक मल्टीरोल फाइटर जेट है, जो दुश्मन के ठिकानों पर सटीक हमला करने में सक्षम है। इसकी कॉम्बैट रेंज 722 किलोमीटर और सामान्य रेंज 2346 किलोमीटर तक है। यह फाइटर जेट लगभग 450 किलोग्राम के चार बम, मिसाइलें और अन्य हथियार लेकर उड़ान भर सकता है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
भारतीय नौसेना में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी :
भारतीय नौसेना लंबे समय से महिला अधिकारियों को विभिन्न भूमिकाओं में अवसर दे रही है। टोही विमान, हेलीकॉप्टर और लॉजिस्टिक विमानों में महिला पायलट पहले से ही कार्यरत हैं। लेकिन अब पहली बार फाइटर स्ट्रीम में महिला पायलट को शामिल कर यह साबित कर दिया गया है कि महिलाएं हर क्षेत्र में देश की सेवा कर सकती हैं। आस्था पुनिया का यह मुकाम ना सिर्फ महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
आस्था पुनिया की यह उपलब्धि भारतीय नौसेना के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है। उनके इस कदम से देश की बेटियों के सपनों को नई उड़ान मिली है और यह साबित हो गया है कि अब महिलाएं देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में भी फ्रंटलाइन पर खड़ी रहेंगी।
Editorial

Editorial

Next Story