✕
महा-डील से डिफेंस शेयरों में बूम, निवेशकों की लगी कतार
By EditorialPublished on
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 3 जुलाई को रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये के 10 बड़े सैन्य खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी। इस फैसले का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला, जहां डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। निवेशकों ने बड़ी मात्रा में खरीदारी की, जिससे बाजार में हलचल बढ़ गई।

x
रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) द्वारा 1.05 लाख करोड़ रुपये के स्वदेशी सैन्य उपकरणों की खरीद को मंजूरी देने के बाद भारतीय शेयर बाजार में डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 3 जुलाई को हुई बैठक में 10 बड़े रक्षा अधिग्रहण प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। ये सभी खरीदारी 'Buy Indian – IDDM' (Indigenously Designed, Developed and Manufactured) श्रेणी के तहत की जाएगी, जिससे घरेलू रक्षा उद्योग को मजबूती मिलेगी।
किन उपकरणों की खरीद को मिली मंजूरी ?
रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि रक्षा अधिग्रहण परिषद ने जिन प्रमुख उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी है, उनमें बख्तरबंद रिकवरी वाहन, एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम, सर्फेस टू एयर मिसाइल (SAM), एकीकृत इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम, नौसेना के लिए खदानें, माइन काउंटर मेजर वेसल्स और सबमर्सिबल ऑटोनॉमस वेसल्स शामिल हैं। इन उपकरणों से देश की मोबिलिटी, एयर डिफेंस, लॉजिस्टिक्स एफिशिएंसी और मैरिटाइम सिक्योरिटी को मजबूती मिलेगी।
डिफेंस स्टॉक्स में तेजी :
सरकार की इस बड़ी घोषणा का असर 4 जुलाई, 2025 को बाजार खुलते ही नजर आया। डिफेंस सेक्टर के प्रमुख शेयरों में जोरदार खरीदारी देखी गई। पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के शेयर शुरुआती कारोबार में 9 प्रतिशत से ज्यादा उछल गए। इस तेजी की वजह सिर्फ सरकारी खरीदारी की घोषणा नहीं, बल्कि कंपनी के पहले स्टॉक स्प्लिट (1:2) के लिए एक्स-स्प्लिट होना भी था।
गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) के शेयरों में इंट्राडे ट्रेड में 2.5 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर 2 प्रतिशत मजबूत हुए। भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) और सोलर इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी 1 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल देखा गया। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के शेयर करीब 1.5 प्रतिशत ऊपर चढ़े।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स में भी तेजी :
इन सबके बीच निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स में भी करीब 2 प्रतिशत की तेजी आई, जो डिफेंस सेक्टर में निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। सरकार द्वारा स्वदेशी रक्षा उपकरणों की खरीद को प्राथमिकता देना ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत घरेलू रक्षा कंपनियों के लिए बड़ा अवसर है। इससे न केवल देश की सुरक्षा प्रणाली मजबूत होगी, बल्कि घरेलू उद्योग को भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी। आने वाले दिनों में डिफेंस सेक्टर के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ने की संभावना है।

Editorial
Next Story
Related News
X
