ट्रंपने भारत पर कसा तंज; राहुल ने दिया समर्थन
Rahul Gandhi on Trump Dead Economy : लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। इस बार उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस विवादास्पद बयान का समर्थन किया है जिसमें भारत को 'मृत अर्थव्यवस्था' (Dead Economy) बताया गया था। गुरुवार, 31 जुलाई 2025 को राहुल गांधी ने कहा कि यह बयान भारत की आर्थिक सच्चाई को उजागर करता है, जिसे पूरी दुनिया मानती है – सिवाय मोदी सरकार के।
राहुल गांधी बोले– “सच बोल रहे हैं ट्रंप”
राहुल गांधी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “हां, वह सही कह रहे हैं। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर हर कोई जानता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था बन चुकी है। मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने फैक्ट्स को सामने रखा। बीजेपी सरकार ने अडानी की मदद के लिए इस देश की आर्थिक रीढ़ तोड़ दी है।”
राहुल का यह बयान ट्रंप द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने और भारत-रूस संबंधों को लेकर की गई तीखी टिप्पणी के तुरंत बाद आया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा था, “मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे अपनी डेड इकॉनमीज़ को मिलकर खत्म कर सकते हैं।”
एक्स पर पीएम मोदी पर तीखा प्रहार :
इसके अलावा राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए लिखा: “भारतीय अर्थव्यवस्था मर चुकी है। पीएम मोदी ने इसे अडानी-मोदी साझेदारी, नोटबंदी, त्रुटिपूर्ण जीएसटी, असफल 'असेम्बल इन इंडिया', एमएसएमई का सफाया और किसानों को बर्बाद कर खत्म कर दिया है। उन्होंने भारत के युवाओं का भविष्य भी छीन लिया है क्योंकि अब उनके पास नौकरियां नहीं हैं।”
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
ट्रंप के बयान ने मचाई हलचल :
डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद भारत की विदेश नीति और आर्थिक दिशा पर सवाल उठने लगे हैं। ट्रंप ने भारत को दुनिया का “सबसे अधिक टैरिफ लगाने वाला देश” बताते हुए कहा कि अमेरिका ने भारत के साथ “बहुत कम व्यापार” किया है और अब समय आ गया है कि सख्त रुख अपनाया जाए।
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत और रूस जैसे देश अमेरिका के लिए कोई प्राथमिकता नहीं रखते, क्योंकि उनकी अर्थव्यवस्थाएं पहले से ही 'डेड' हैं। यह बयान अमेरिका की बदलती रणनीतिक नीति की ओर इशारा करता है, जिससे भारत-अमेरिका संबंधों में खिंचाव आने की संभावना बन गई है।
Rahul Gandhi on Trump Dead Economy 2025 बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस अब ट्रंप के कथनों को मोदी सरकार के खिलाफ एक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। वहीं मोदी सरकार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी के इस आक्रामक तेवर से 2025 की राजनीति और तीखी होती नजर आ रही है।
Editorial

Editorial

Next Story