IND vs PAK: एशिया कप पर दिग्गजों की बयानों की जंग!
क्रिकेट एशिया कप 2025 का आधिकारिक शेड्यूल जारी होते ही भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर देशभर में बहस छिड़ गई है। दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा गया है और पहला मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। इस खबर से जहां क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है, वहीं हालिया घटनाओं के बाद बड़ी संख्या में भारतीय फैंस ने अपना आक्रोश जताया है।
पाकिस्तान के खिलाफ गुस्से की वजह :
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई जवान शहीद हुए थे, और जांच में हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े पाए गए। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की और वहां से हुए ड्रोन हमलों को भी नाकाम किया। इन घटनाओं के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा बढ़ गया और मांग उठने लगी कि भारत को इस पड़ोसी देश के साथ किसी भी तरह का खेल संबंध नहीं रखना चाहिए।
भारतीय सरकार ने प्रतिक्रिया स्वरूप पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर्स के यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट्स को देश में बैन कर दिया। ऐसे में खबर आई थी कि भारत एशिया कप से हट सकता है, लेकिन हाल में जारी शेड्यूल में पुष्टि हो गई कि भारत और पाकिस्तान न केवल खेलेंगे बल्कि एक ही ग्रुप में शामिल हैं।
क्रिकेट दिग्गजों में बंटी राय :
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने एएनआई से कहा, "मेरे अनुसार खेल जारी रहना चाहिए। जो भी पहलगाम में हुआ, वो नहीं होना चाहिए, आतंकवाद खत्म होना चाहिए। भारत ने इसके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है, लेकिन खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए।" वहीं, एक और पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा, "अगर द्विपक्षीय सीरीज में नहीं खेल रहे हैं तो अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भी नहीं खेलना चाहिए। लेकिन जो भी फैसला सरकार और बोर्ड करेंगे, वही सही होगा।"
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का एक पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने कहा था, "कोई क्रिकेट मैच, बॉलीवुड मूवी, कोई कलाकार या कोई भी चीज हमारे देश के लोगों और सेना के जवानों की जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। मेरी राय में जब तक ये सब खत्म नहीं होता, भारत-पाकिस्तान के बीच कुछ भी नहीं होना चाहिए।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यक्तिगत राय है और अंतिम फैसला सरकार व बोर्ड का होगा।

संभावित तीन भिड़ंतें :
एशिया कप के मौजूदा फॉर्मेट के तहत भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज में एक मैच तो तय है। सुपर-4 चरण में दोनों टीमों के पहुंचने की पूरी संभावना है, जहां एक और मुकाबला हो सकता है। अगर दोनों फाइनल में भिड़े, तो सितंबर में तीन भारत-पाक मैच देखने को मिल सकते हैं।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
फैंस के बीच बवाल :
सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस की प्रतिक्रिया बंटी हुई है। एक वर्ग मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहा है, जबकि दूसरा पाकिस्तान के खिलाफ खेल का पूरी तरह बहिष्कार चाहता है। जैसे-जैसे 14 सितंबर नजदीक आ रहा है, IND vs PAK Asia Cup 2025 का विवाद और गहराता जा रहा है।
Editorial

Editorial

Next Story