✕
जाति जनगणना न करवाना मेरी गलती; राहुल गांधी
By EditorialPublished on
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जाति जनगणना पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि “दलितों और आदिवासियों की मुश्किलें तो साफ दिख जाती हैं, लेकिन ओबीसी वर्ग की समस्याएं अक्सर अनदेखी रह जाती हैं।” उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जाति जनगणना न कराना उनकी बड़ी गलती रही।

x

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार (25 जुलाई 2025) को ‘ओबीसी भागीदारी न्याय सम्मेलन’ में जाति जनगणना पर एक अहम बयान दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस की सरकार के समय जाति जनगणना न कराना उनकी सबसे बड़ी गलती थी, लेकिन अब वे इसे सुधारने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “यह मेरी गलती है, कांग्रेस पार्टी की नहीं। उस समय मुझे ओबीसी समुदाय के मुद्दे गहराई से समझ में नहीं आए। अगर समझ आया होता, तो मैं उसी वक्त जाति जनगणना कराता।”
ओबीसी के मुद्दों को समझने में देर हुई :
राहुल गांधी ने कहा कि दलितों और आदिवासियों की समस्याएं समझना आसान है, लेकिन ओबीसी वर्ग की मुश्किलें अक्सर अनदेखी रह जाती हैं। उन्होंने अफसोस जताया कि अगर उन्हें ओबीसी समुदाय के इतिहास और मुद्दों की पूरी जानकारी होती, तो वे अपने कार्यकाल के दौरान जाति जनगणना जरूर कराते। उन्होंने कहा, “यह मेरी गलती थी, लेकिन अब मैं इसे सुधारने के लिए कदम बढ़ा चुका हूं।”
‘जाति जनगणना’ को बताया राजनीतिक भूकंप :
राहुल गांधी ने इस मुद्दे को देश की राजनीति में “राजनीतिक भूकंप” करार दिया। उनका कहना था कि जाति जनगणना ने भारत की राजनीतिक जमीन को हिलाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि अभी जनता को इसका पूरा असर समझ नहीं आया है, लेकिन इसका असर बड़ा और गहरा होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा, “21वीं सदी डेटा की सदी है। पहले जिस देश के पास तेल होता था, उसे ताकतवर माना जाता था, आज डेटा ही असली शक्ति है।”
डेटा और पारदर्शिता पर जोर :
राहुल गांधी ने कहा कि आज जिनके पास डेटा है, वही असली ताकतवर हैं। उन्होंने तेलंगाना का उदाहरण देते हुए बताया कि राज्य में उपलब्ध डेटा के आधार पर एक मिनट में यह बताया जा सकता है कि सभी कॉर्पोरेट समूहों में ओबीसी और दलितों की भागीदारी कितनी है। उन्होंने कहा, “जब मैं किसी चीज़ के लिए मन बना लेता हूं, तो पीछे नहीं हटता। जाति जनगणना से भी पीछे नहीं हटूंगा।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
बीजेपी और आरएसएस पर आरोप :
राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर ओबीसी का इतिहास मिटाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि दलित, आदिवासी और ओबीसी इस देश की असली उत्पादक शक्ति हैं, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जाति जनगणना से इन समुदायों के अधिकार और भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
आगे की राह :
उन्होंने कहा कि ओबीसी समुदाय को देश के विकास में उचित भागीदारी दिलाने के लिए जाति जनगणना आवश्यक है। “अब मैं इस गलती को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध हूं और किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटूंगा,” उन्होंने स्पष्ट किया।

Editorial
Next Story
Related News
X
