✕
पुंछ में लैंडमाइन धमाका; अग्निवीर शहीद, 2 जवान घायल
By EditorialPublished on 25 July 2025 5:30 AM IST
कृष्णा घाटी सेक्टर में गश्ती अभियान के दौरान हुई लैंडमाइन विस्फोट की घटना में एक अग्निवीर जवान शहीद हो गया, जबकि दो अन्य सैनिक घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घायल जवानों का नजदीकी सैन्य अस्पताल में इलाज जारी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

x

जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में शुक्रवार (25 जुलाई 2025) को एलओसी के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। कृष्णा घाटी सेक्टर में गश्ती के दौरान एक बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया, जिसमें 7 जाट रेजिमेंट के अग्निवीर ललित कुमार शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान घायल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) हैं, जिन्हें नज़दीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा ?
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब सेना की एक गश्ती टीम कृष्णा घाटी ब्रिगेड के अंतर्गत एलओसी के पास नियमित गश्त कर रही थी। तभी टीम एक छिपी हुई बारूदी सुरंग की चपेट में आ गई। विस्फोट में अग्निवीर ललित कुमार को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही शहादत दी।
व्हाइट नाइट कोर और सेना ने जताया शोक :
व्हाइट नाइट कोर ने 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर अग्निवीर ललित कुमार को श्रद्धांजलि दी। पोस्ट में लिखा गया: “जीओसी व्हाइट नाइट कोर और सभी रैंक ने 7 जाट रेजिमेंट के अग्निवीर ललित कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कृष्णा घाटी ब्रिगेड के क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सर्वोच्च बलिदान दिया। हम इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।”
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की श्रद्धांजलि :
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी शहीद अग्निवीर को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “मैं अग्निवीर ललित कुमार को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। इस दुख की घड़ी में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है।”
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी :
हादसे के बाद सेना ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस क्षेत्र में बारूदी सुरंग कब और कैसे लगाई गई थी।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
देशभर में शोक की लहर :
अग्निवीर ललित कुमार की शहादत की खबर फैलते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर लोग उनकी बहादुरी को सलाम कर रहे हैं। सेना के अधिकारियों ने कहा है कि ललित कुमार की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे खतरों को निष्क्रिय करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
पुंछ सेक्टर में हुए इस बारूदी सुरंग विस्फोट ने एक बार फिर यह याद दिलाया है कि सीमावर्ती इलाकों में खतरे हमेशा मौजूद रहते हैं। अग्निवीर ललित कुमार की शहादत और घायल जवानों के साहस को राष्ट्र लंबे समय तक याद रखेगा।

Editorial
Next Story
Related News
X
