✕
OTT प्लेटफॉर्म्स पर सरकार सख्त; ULLU‑ALTBalaji समेत 25 ऐप्स ब्लॉक
By EditorialPublished on
भारत सरकार ने अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री पर लगाम कसते हुए लोकप्रिय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म उल्लू, ALTT और कई अन्य OTT ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार का कहना है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर लगातार अभद्र और अश्लील कंटेंट स्ट्रीम किया जा रहा था, जिससे युवाओं और समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा था।

x

भारत सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील और सेक्सुअल कंटेंट पर सख्त कार्रवाई करते हुए उल्लू, ALTT (पूर्व में ALTBalaji), देसीफ्लिक्स, बिग शॉट्स और अन्य कई स्ट्रीमिंग ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) को इन ऐप्स के खिलाफ लगातार नागरिकों और संगठनों से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह बड़ा कदम उठाया गया। सरकार ने कहा कि ये OTT प्लेटफॉर्म्स भारतीय आईटी नियमों 2021 और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 292 और 293 का उल्लंघन कर रहे थे।
कैसे हुई कार्रवाई ?
शिकायतों की जांच में पाया गया कि इन ऐप्स पर 18+ वेब सीरीज़ के नाम पर खुले तौर पर अश्लील और यौन सामग्री स्ट्रीम की जा रही थी। ये प्लेटफॉर्म्स सेल्फ रेगुलेशन के अधिकार का गलत उपयोग कर रहे थे और अपने कंटेंट की पर्याप्त मॉडरेशन नहीं कर रहे थे। सरकार ने पाया कि इन OTT चैनलों का कंटेंट सार्वजनिक नैतिकता को ठेस पहुंचा रहा था और नाबालिगों के लिए भी आसानी से उपलब्ध था।
कानूनी आधार पर कार्रवाई :
अश्लील सामग्री के खिलाफ भारतीय कानून बेहद सख्त हैं। आईटी अधिनियम की धारा 67 और 67A इलेक्ट्रॉनिक रूप से अश्लील सामग्री के प्रकाशन और प्रसारण पर प्रतिबंध लगाती है। IPC की धारा 292 और 293 अश्लील सामग्री के वितरण और प्रदर्शन को दंडनीय अपराध मानती है। इसके अलावा, नाबालिगों से संबंधित यौन शोषण वाले डिजिटल या भौतिक कंटेंट पर POCSO Act के तहत भी सजा का प्रावधान है।
कौन-कौन से ऐप्स बैन हुए ?
MeitY ने कुल 25 OTT प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाया है। इनमें उल्लू, ALTT, बिग शॉट्स, देसीफ्लिक्स, हॉटहिट, प्राइमप्ले और अन्य क्षेत्रीय प्लेटफॉर्म्स शामिल हैं, जिनकी कंटेंट मॉडरेशन नीति संदिग्ध पाई गई। मीडिया और प्रसारण मंत्रालय (MIB) की रिपोर्ट के अनुसार, बैन किए गए अन्य प्लेटफॉर्म्स में बूमेक्स, नवरसा लाइट, गुलाब ऐप, कंगन ऐप, जलवा ऐप, वॉव एंटरटेनमेंट, लुक एंटरटेनमेंट, हिट प्राइम, फेनेओ, शोएक्स, सोल टॉकीज, अड्डा टीवी, हॉटएक्स वीआईपी, हलचल ऐप, मूडएक्स, नियोनएक्स वीआईपी, शोहिट, फुगी, मोजफ्लिक्स और ट्राइफ्लिक्स शामिल हैं।
OTT प्लेटफॉर्म्स की मॉडरेशन पर सवाल :
सरकार का कहना है कि OTT प्लेटफॉर्म्स को पहले कंटेंट के लिए सेल्फ रेगुलेशन का अधिकार दिया गया था, लेकिन कई प्लेटफॉर्म्स ने इस सुविधा का दुरुपयोग किया। नतीजतन सरकार को सीधे हस्तक्षेप कर बैन लगाने का निर्णय लेना पड़ा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
अवैध जुआ प्लेटफॉर्म्स पर भी कार्रवाई :
डिजिटल कंटेंट के साथ-साथ सरकार ने अवैध ऑनलाइन जुआ वेबसाइटों और मोबाइल ऐप्स पर भी शिकंजा कसा है। 2022 से जून 2025 तक 1,524 अवैध जुआ और सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक करने के आदेश जारी किए गए। यह कदम उन विदेशी प्लेटफार्मों के खिलाफ उठाया गया जो भारतीय कर और स्थानीय नियमों का पालन किए बिना संचालित हो रहे थे।
सरकार का संदेश :
सरकार ने साफ कर दिया है कि अश्लील और अवैध डिजिटल कंटेंट को लेकर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। यह कदम इंटरनेट पर स्वच्छ और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

Editorial
Next Story
Related News
X
