✕
धनखड़ के इस्तीफ़े के 24 घंटे बाद हरिवंश की राष्ट्रपति से मुलाकात
By EditorialPublished on
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद देश में अगले उपराष्ट्रपति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। संभावित दावेदारों की सूची में सबसे चर्चित नाम राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण का है, जिनके जल्द नई जिम्मेदारी संभालने की चर्चाएं जोरों पर हैं।

x

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के एक दिन बाद मंगलवार (22 जुलाई 2025) को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन ने बैठक की तस्वीर साझा करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।” यह मुलाकात कई राजनीतिक मायनों में अहम मानी जा रही है, क्योंकि धनखड़ के इस्तीफे के बाद अगले उपराष्ट्रपति को लेकर देशभर में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अस्थायी रूप से सभापति का कार्यभार संभाला :
संविधानिक नियमों के अनुसार उपराष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद राज्यसभा का सभापति पद रिक्त हो गया, जिसकी कार्यवाहक जिम्मेदारी उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने संभाल ली है। मंगलवार को उन्होंने मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा की सुबह की कार्यवाही का संचालन भी किया।
अगले उपराष्ट्रपति पर अटकलें :
धनखड़ के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में नए उपराष्ट्रपति के नाम को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है। इस रेस में हरिवंश नारायण सिंह का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि राज्यसभा के संचालन में उनके अनुभव और संसदीय कार्यों में उनकी गहरी पकड़ को देखते हुए वे इस पद के लिए प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
धनखड़ के इस्तीफे से राजनीतिक हलचल :
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन अचानक इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया था। उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए समय से पहले पद छोड़ दिया। इस्तीफे के बाद विपक्ष ने इस कदम पर हैरानी जताई और इसके पीछे के कारणों को लेकर सरकार से स्पष्टिकरण मांगा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि “देश को बताना चाहिए कि उपराष्ट्रपति पद से धनखड़ ने इस्तीफा क्यों दिया।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
हरिवंश नारायण की मुलाकात ने बढ़ाई अटकलें :
धनखड़ के इस्तीफे के 24 घंटे के भीतर हरिवंश नारायण सिंह की राष्ट्रपति से मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चर्चा है कि वे स्थायी रूप से उपराष्ट्रपति पद संभालने के लिए सबसे आगे हो सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में उपराष्ट्रपति पद को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। मौजूदा समय में हरिवंश नारायण सिंह कार्यवाहक सभापति के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और उनका नाम उपराष्ट्रपति पद के लिए गंभीरता से लिया जा रहा है।

Editorial
Next Story
Related News
X
