एअर इंडिया ने पूरी की जांच; बोइंग 787 सुरक्षित!
अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे के बाद, एअर इंडिया ने अपने पूरे बेड़े में शामिल सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर और बोइंग 737 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) लॉकिंग सिस्टम की एहतियाती जांच पूरी कर ली है। एयरलाइन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि सभी विमानों के FCS में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं पाई गई और बेड़े के सभी विमान परिचालन के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह निरीक्षण नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के निर्देश के तहत किया गया। डीजीसीए ने 14 जुलाई को अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद सभी एयरलाइनों को फ्यूल कंट्रोल स्विच की गहन जांच करने के आदेश दिए थे। एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा, "एअर इंडिया ने अपने बेड़े के सभी बोइंग 787 और बोइंग 737 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) के लॉकिंग सिस्टम की एहतियाती जांच पूरी कर ली है। इसमें किसी तरह की दिक्कत नहीं मिली।"

अहमदाबाद हादसे के बाद सतर्कता बढ़ी :
यह निरीक्षण अहमदाबाद में पिछले महीने हुए बोइंग ड्रीमलाइनर हादसे के बाद शुरू हुआ था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी। एअर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की प्रारंभिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि ईंधन आपूर्ति अचानक रुक जाने से उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही विमान के इंजन बंद हो गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ से ‘कटऑफ’ मोड में अचानक शिफ्ट हो गया था, जिसके चलते इंजन फ्यूल सप्लाई कट गई।
इस घटना के बाद से फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए और डीजीसीए ने सभी एयरलाइनों को बोइंग 787 और 737 विमानों के FCS लॉकिंग सिस्टम की जांच का आदेश दिया।
निरीक्षण समय सीमा के भीतर पूरा :
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस दोनों ने 12 जुलाई से निरीक्षण कार्य शुरू किया था। डीजीसीए की निर्धारित समय सीमा के भीतर ही सभी विमानों की जांच पूरी कर ली गई। एअर इंडिया ने बताया कि जिन बोइंग 737 विमानों का निरीक्षण किया गया, वे एअर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में शामिल हैं। निरीक्षण के बाद दोनों एयरलाइनों ने डीजीसीए को रिपोर्ट सौंप दी है और नियामक के सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन किया है।
वैश्विक स्तर पर सतर्कता :
अहमदाबाद हादसे के बाद न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एयरलाइंस सतर्क हो गई हैं। एअर इंडिया के साथ एमिरेट्स सहित कई प्रमुख वैश्विक एयरलाइंस भी अपने बोइंग विमानों के FCS की एहतियाती जांच कर रही हैं।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता :
एअर इंडिया ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा हमेशा से उसकी प्राथमिकता रही है। DGCA द्वारा दिए गए सभी सुरक्षा मानकों और सिफारिशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। एयरलाइन ने भरोसा जताया कि उनके बेड़े में शामिल सभी विमान तकनीकी रूप से सुरक्षित और उड़ान भरने के लिए तैयार हैं।
अहमदाबाद हादसे ने देश में विमान सुरक्षा पर बहस को तेज़ कर दिया है। एअर इंडिया और अन्य एयरलाइनों द्वारा किए गए एहतियाती कदम इस बात का संकेत हैं कि भारतीय विमानन उद्योग यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Editorial

Editorial

Next Story