ट्रेनिंग प्लेन क्रैश; स्कूल के बच्चों में भगदड़ मचा हड़कंप
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार दोपहर बड़ा हवाई हादसा हुआ, जब एयरफोर्स का एक F-7 ट्रेनिंग विमान टेकऑफ़ के 24 मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे उत्तरी ढाका के दियाबारी इलाके में स्थित माइलस्टोन कॉलेज की इमारत से टकराने के बाद हुआ। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कॉलेज परिसर से धुएं का गुबार उठता देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में छात्र और स्टाफ सदस्य अपनी जान बचाने के लिए दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा ?
हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक, F-7 ट्रेनिंग विमान ने दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरी थी और 24 मिनट बाद क्रैश हो गया। हादसे के सही कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी या नियंत्रण खोने की वजह से यह दुर्घटना हुई होगी। दुर्घटना के तुरंत बाद बांग्लादेशी सेना और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की सही संख्या सामने नहीं आई है।
F-7 ट्रेनिंग विमान के बारे में :
F-7 एक सिंगल-सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट है, जिसे चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन ने बनाया है। इसकी अधिकतम रफ्तार मैक 2.02 (लगभग 2120 किलोमीटर प्रति घंटा) है। इसके कुछ संस्करण डबल सीट ऑप्शन के साथ भी आते हैं। बांग्लादेश एयरफोर्स इस विमान का इस्तेमाल कई सालों से ट्रेनिंग और ऑपरेशनल उद्देश्यों के लिए कर रही है।
पहले भी हो चुके हैं F-7 के हादसे :
यह पहली बार नहीं है जब बांग्लादेश में F-7 विमान हादसे का शिकार हुआ हो। 8 अप्रैल 2008 को तंगाइल में भी इसी मॉडल का विमान क्रैश हुआ था, जिसमें पायलट मोर्शेद हसन की मौत हो गई थी। उन्होंने क्रैश से ठीक पहले इजेक्ट किया था, लेकिन पैराशूट सही से काम नहीं कर पाया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
भी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
आधिकारिक बयान और जांच जारी :
बांग्लादेश एयरफोर्स ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी गई है। सेना के प्रवक्ता ने बताया, “हमारी प्राथमिकता घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाना है। विमान की तकनीकी जांच और ब्लैक बॉक्स रिकवरी पर काम जारी है।”
इस हादसे ने एक बार फिर बांग्लादेश के सैन्य विमानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। माइलस्टोन कॉलेज परिसर में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन छात्र और स्टाफ सदस्य अभी भी सदमे में हैं। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया है।
Next Story