✕
इंग्लैंड दौरे से पहले झटका; अर्शदीप और नितीश को मिली छुट्टी
By EditorialPublished on
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज़ में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। चौथे टेस्ट से पहले तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह चोटिल होकर बाहर हो गए हैं, वहीं ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी पूरी सीरीज़ से ही बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने इन बदलावों के साथ अपडेटेड स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है।

x

इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ में पहले से ही 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया को चौथे टेस्ट से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह अंगूठे की चोट के कारण मैनचेस्टर में होने वाले मैच से बाहर हो गए हैं, वहीं ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट के चलते बाकी सीरीज़ से ही बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने सोमवार को टीम का अपडेटेड स्क्वॉड जारी करते हुए अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया।
बीसीसीआई ने बयान में बताया कि नितीश रेड्डी बाएं घुटने की चोट से जूझ रहे हैं और उन्हें पूरे दौरे से बाहर कर दिया गया है। वह जल्द ही भारत लौटेंगे और बोर्ड की मेडिकल टीम उनके तेजी से स्वस्थ होने की कामना करती है। दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह को बेकेनहैम में ट्रेनिंग सेशन के दौरान नेट्स में गेंदबाज़ी करते समय अंगूठे में चोट लगी। उन्हें टांके भी लगे हैं और अब उन पर मेडिकल टीम नजर बनाए हुए है। माना जा रहा था कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में अर्शदीप को चौथे टेस्ट में डेब्यू का मौका मिल सकता था, लेकिन अब यह संभावना लगभग खत्म हो गई है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट बुमराह को चौथे टेस्ट में खिलाने पर विचार कर सकता है।
बीसीसीआई ने अपडेटेड स्क्वॉड की घोषणा करते हुए कहा कि अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है। चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा, जो शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया के लिए ‘करो या मरो’ मुकाबला साबित हो सकता है।
टीम इंडिया का अपडेटेड स्क्वॉड :
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव और अंशुल कंबोज।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
अर्शदीप और नितीश की चोटों ने टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर असर डाला है। जहां अर्शदीप की गैरमौजूदगी गेंदबाज़ी अटैक को कमजोर कर सकती है, वहीं नितीश रेड्डी का बाहर होना टीम की ऑलराउंडर बैलेंस को प्रभावित करेगा। बुमराह के फिटनेस अपडेट और टीम के अंतिम संयोजन को लेकर अब सभी की निगाहें बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट पर टिकी हैं। अब चौथे टेस्ट में भारत को सीरीज़ में वापसी करने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ यह मुकाबला ‘करो या मरो’ की तरह है।

Editorial
Next Story
Related News
X
