✕
रनवे पर हादसा; फिसली फ्लाइट, तीन टायर चकनाचूर
By EditorialPublished on
कोच्चि से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के वक्त हादसे का शिकार हो गई। रनवे पर उतरते ही विमान फिसल गया और उसके तीनों टायर फट गए। हादसे के वक्त विमान में सवार यात्री बाल-बाल बचे, लेकिन एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।

x

मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया जब कोच्चि से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2744 लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल गई। घटना सुबह 09:27 बजे की है, जब शहर में भारी बारिश हो रही थी और रनवे बेहद फिसलन भरा हो गया था। जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, उसका संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार के कारण विमान फिसल गया। हादसे में विमान के तीनों टायर फट गए, लेकिन राहत की बात रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बच गए।
कैसे हुआ हादसा ?
मौसम विभाग के मुताबिक, घटना के वक्त मुंबई में तेज़ बारिश हो रही थी, जिससे विज़िबिलिटी कम और रनवे पर ग्रिप बेहद कमजोर थी। एयर इंडिया के पायलट ने चुनौतीपूर्ण हालात में विमान को उतारने की कोशिश की, लेकिन लैंडिंग के दौरान विमान फिसलकर रनवे के किनारे चला गया। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई।
एयर इंडिया का बयान :
एयर इंडिया ने बयान जारी कर पुष्टि की कि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने कहा, “21 जुलाई को कोच्चि से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले प्लेन AI2744 की लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसलने की घटना हुई। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और विमान को आगे की जांच के लिए रोक लिया गया है।”
एयरपोर्ट का अपडेट :
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) की ओर से भी बयान जारी कर बताया गया कि मुख्य रनवे 09/27 को मामूली नुकसान हुआ है। “घटना के तुरंत बाद हमारी इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ऑपरेशंस जारी रखने के लिए सेकेंडरी रनवे 14/32 को तुरंत सक्रिय कर दिया गया। सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है,” एयरपोर्ट की ओर से कहा गया।
हादसे के बाद क्या हुआ ?
हादसे के बाद प्रभावित विमान को रनवे से हटाया गया और उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। एयर इंडिया ने कहा है कि टायर फटने और फिसलन के कारण विमान को फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है। रनवे की मरम्मत और सुरक्षा निरीक्षण पूरा होने तक उड़ानों का संचालन सेकेंडरी रनवे से किया जा रहा है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
यात्रियों में दहशत, लेकिन सब सुरक्षित :
विमान में सवार यात्रियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते विमान रुक गया। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो और तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि “वो पल बेहद डरावना था, लेकिन पायलट और क्रू की त्वरित कार्रवाई से सभी की जान बच गई।”
भारी बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों से उड़ानों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों से समय से पहले हवाई अड्डे पर पहुंचने और फ्लाइट स्टेटस की जांच करने की अपील की है।

Editorial
Next Story
Related News
X
