Railway
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आम जनता के लिए "रेलवन" ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप यात्रियों को कहीं से भी मोबाइल के जरिए सभी प्रकार के रेलवे टिकट बुक करने और संबंधित सेवाओं का लाभ उठाने की सुविधा प्रदान करता है।
रेलवन एक व्यापक ऑल-इन-वन एप्लीकेशन है जो उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के साथ एंड्रॉयड प्ले स्टोर और आईओएस ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। इस ऐप में आरक्षित और अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, पार्सल बुकिंग, ट्रेन पूछताछ, पीएनआर स्थिति की जांच और रेलमदद सहायता जैसी सभी सेवाएं एकीकृत हैं।
ऐप की सबसे बड़ी विशेषता सिंगल साइन-ऑन सुविधा है जिससे उपयोगकर्ताओं को कई ऐप्स डाउनलोड करने और अलग-अलग पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं है। मौजूदा रेलकनेक्ट उपयोगकर्ता अपनी जानकारी से सीधे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। नए उपयोगकर्ताओं के लिए न्यूनतम डेटा के साथ आसान और तेज रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है।
लॉगिन प्रक्रिया को बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से सरल बनाया गया है। केवल पूछताछ के उद्देश्य से मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए गेस्ट लॉगिन की सुविधा भी उपलब्ध है। अनारक्षित टिकटों के लिए उपलब्ध रेलवे ई-वॉलेट योजना को अब आरक्षित टिकटों के लिए भी बढ़ा दिया गया है।
यह घोषणा 1 जुलाई को इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में क्रिस के 40वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान की गई। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।
वैष्णव ने कहा कि रेलवन ऐप भारतीय रेलवे की प्रौद्योगिकी का लोकतंत्रीकरण करता है और हर यात्री को विश्वस्तरीय गतिशीलता प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेलवे को भारत के विकास का इंजन बनाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
Editorial

Editorial

Next Story