‘जेल जाएंगे CM’ ; राहुल गांधी के बयान पर बिफरे हिमंत सरमा
असम के चायगांव में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक जनसभा में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जमकर हमला बोला। राहुल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जल्द ही जेल जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।
‘खुद को राजा समझते हैं, लेकिन डरते हैं’—राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “असम के मुख्यमंत्री खुद को राजा समझते हैं, लेकिन उनकी आंखों में डर साफ नजर आता है। वो चिल्लाते हैं, लेकिन उन्हें पता है कि एक दिन कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल भेजेंगे। उन्हें असम की जनता को अपने भ्रष्टाचार का जवाब देना होगा।”
राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि हिमंत बिस्वा सरमा राज्य की जमीनों की "चोरी" कर रहे हैं, कभी सोलर पार्क के नाम पर, तो कभी रिसॉर्ट के बहाने। उन्होंने कहा, “ये बात अब असम का बच्चा-बच्चा जानता है।”
'मोदी-शाह भी नहीं बचा पाएंगे'—राहुल का दावा
राहुल गांधी ने भरोसे के साथ कहा, “मैं जो बोलता हूं, वो होता है। मीडिया जल्द दिखाएगा कि आपके मुख्यमंत्री जेल जा रहे हैं। मोदी-शाह भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे। यह काम कांग्रेस नहीं, बल्कि असम के युवा, किसान और मजदूर मिलकर करेंगे।”
हिमंत सरमा का पलटवार—‘राहुल खुद जमानत पर हैं’
राहुल गांधी के तीखे बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पलटवार करते हुए लिखा, “राहुल गांधी असम आते हैं और मुझे जेल भेजने की बात करते हैं, लेकिन भूल जाते हैं कि वे खुद कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं—असम की मेहमाननवाजी का आनंद लें।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
सरमा ने तंज कसते हुए लिखा, “लिख कर ले लीजिए, हिमंत बिस्वा सरमा को जेल जरूर भेजेगा”—यही राहुल गांधी ने कांग्रेस की बंद बैठक में कहा था।”
बिहार में वोटर लिस्ट को लेकर भी बरसे राहुल :
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “बीजेपी और चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में चुनाव चुराया, अब बिहार में भी ऐसा करने की कोशिश की जा रही है। लाखों गरीब, मजदूर और कांग्रेस-राजद समर्थकों को वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा है।” राहुल ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर बिहार में आंदोलन कर रही है और असम में भी ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देगी।
Next Story