✕
राधिका केस: पिता का दर्दनाक कबूलनामा; फांसी दिलवा दो!
By EditorialPublished on
राधिका यादव मर्डर केस में अब परिवार के भीतर से भी विरोधाभासी बयान सामने आने लगे हैं। राधिका के ताऊ विजय यादव ने दीपक यादव के 'तानों और मानसिक तनाव' वाले दावे को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अगर वह सोने का नहीं, तो चांदी का चम्मच लेकर पैदा तो हुआ ही था।

x

गुरुग्राम के चर्चित टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव मर्डर केस में जहां एक ओर पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर अब परिवार के भीतर से भी भावुक और विरोधाभासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। शुक्रवार, 12 जुलाई को अदालत ने राधिका के पिता और हत्या के आरोपी दीपक यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया है।
'मुझसे कन्या वध हो गया, मुझे फांसी दो' – आरोपी पिता :
राधिका के ताऊ विजय यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दीपक यादव ने हत्या के बाद खुद ही कबूल किया कि उसने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। विजय यादव के मुताबिक, "दीपक ने मुझसे कहा – मुझसे कन्या वध हो गया है। मेरी ऐसी रिपोर्ट बनाओ कि मुझे फांसी मिल जाए। थाने में भी उसने यही कहा।" यह बयान आरोपी की आत्मग्लानि और मानसिक हालत को दर्शाता है, लेकिन इससे अपराध की गंभीरता कम नहीं होती।
'अपना पेड़ अपने हाथ से ही काट दिया' :
विजय यादव ने गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, "यह बहुत दुख की बात है कि अपना पेड़ अपने ही हाथ से काटना पड़ा। राधिका के भविष्य के लिए दीपक ने बहुत कुछ किया था, लेकिन यह अंत किसी ने नहीं सोचा था।"
समाज के तानों की बात को किया खारिज :
इस केस में एक पहलू यह भी सामने आया था कि दीपक यादव को समाज से ताने मिलते थे कि वह बेटी की कमाई पर निर्भर है। लेकिन विजय यादव ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
"ऐसी कोई बात नहीं थी। अगर वह सोने का नहीं, तो चांदी का चम्मच लेकर जरूर पैदा हुआ था। बेटी की कमाई खा रहा था ऐसा कहना गलत है। अगर उसने ये बात पहले किसी से साझा की होती, तो शायद आज ये दिन ना आता," उन्होंने कहा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
'अब कानूनी लड़ाई लड़ेंगे' :
विजय यादव ने स्पष्ट किया कि अब परिवार कानूनी लड़ाई लड़ेगा ताकि इस घटना का असर राधिका के बाकी भाई-बहनों पर न पड़े। "एक आंख तो फूट गई है, अब यही कोशिश है कि दूसरी आंख ना फूटे," उन्होंने भावुक होकर कहा।
पोस्टमॉर्टम और आगे की जांच :
राधिका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चार गोलियों की पुष्टि हुई है। हत्या गुरुवार को सेक्टर 57 स्थित उनके दोमंजिला घर में हुई थी। आरोपी दीपक यादव को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे एक दिन की रिमांड पर लेकर घटनास्थल और आसपास की जांच की। घर से कुछ कारतूस भी बरामद किए गए हैं। यह घटना केवल एक पारिवारिक त्रासदी नहीं, बल्कि उस मानसिक और सामाजिक दबाव की भी झलक है, जो संवाद की कमी और अव्यक्त तनाव से जन्म लेती है।

Editorial
Next Story
Related News
X
