ईरानी ड्रोन और रूस की मिसाइलों से यूक्रेन में तबाही!
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर तबाही का नया अध्याय जुड़ गया है। शुक्रवार रात रूस ने यूक्रेन पर 597 ड्रोन और 26 मिसाइलों से हमला बोला, जिसे राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने हाल के दिनों का "सबसे बड़ा हवाई हमला" बताया है। इस हमले में ईरान में बने 'शाहेद' ड्रोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि रूस की युद्ध रणनीति में ड्रोन हमलों की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
ज़ेलेंस्की की चेतावनी और वैश्विक अपील :
यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने इस हमले को लेकर पश्चिमी देशों और वैश्विक समुदाय से कड़े कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि, "अब केवल बयानबाजी या संकेतों का समय नहीं है, बल्कि रूस को रोकने के लिए ठोस और निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है।"
ज़ेलेंस्की ने जोर देकर कहा कि रूस की इस हमलावर नीति को तभी रोका जा सकता है जब ड्रोन सप्लाई चेन और तेल निर्यात से होने वाली आमदनी पर प्रभावी रोक लगे। उन्होंने मांग की कि उन देशों, कंपनियों या लोगों पर प्रतिबंध लगाया जाए जो ड्रोन निर्माण या रूस की ऊर्जा अर्थव्यवस्था को समर्थन दे रहे हैं।
वायु रक्षा प्रणाली की आंशिक सफलता :
यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया कि उन्होंने इस विशाल हमले में 319 ड्रोन और 25 मिसाइलों को मार गिराया। इसके बावजूद, करीब 20 ड्रोन और एक मिसाइल पांच अलग-अलग जगहों पर गिरने में सफल रहे, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ है। हालांकि, यूक्रेनी सेना ने उन स्थानों की स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की है, जहां ये हमले सफल हुए।
इस हमले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली इतने बड़े पैमाने के हमलों से निपटने में सक्षम है, और क्या उसे और उन्नत हथियारों और तकनीकी सहायता की आवश्यकता है?
'शाहेद' ड्रोन: रूस का नया हथियार
इस हमले में रूस ने बड़े पैमाने पर ईरानी 'शाहेद' ड्रोन का इस्तेमाल किया। ये ड्रोन सस्ते, लेकिन बेहद खतरनाक माने जाते हैं, जिन्हें आत्मघाती ड्रोन भी कहा जाता है। ये तेजी से उड़ते हैं और दुश्मन के इलाकों में गहराई तक जाकर विस्फोट करते हैं। माना जा रहा है कि इन ड्रोन की मदद से रूस ने यूक्रेन की रक्षा पंक्तियों में सेंध लगाने की कोशिश की।
अभी प्रातःकाल Telegram चै
नल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
वैश्विक प्रतिक्रिया का इंतज़ार :
यूक्रेन की अपील के बाद अब निगाहें पश्चिमी देशों और NATO सदस्यों की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। ज़ेलेंस्की की मांग है कि अब रूस को कड़े आर्थिक प्रतिबंधों का सामना करना चाहिए, खासकर उन सेक्टरों में जो उसकी युद्ध क्षमता को आर्थिक रूप से मजबूत कर रहे हैं, जैसे कि तेल और गैस का निर्यात।
रूस-यूक्रेन युद्ध अब सिर्फ एक क्षेत्रीय संघर्ष नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन और सैन्य तकनीक की नई परिभाषा बनता जा रहा है। रूस का यह ताज़ा हमला यह साबित करता है कि वह पीछे हटने के मूड में नहीं है, और दूसरी ओर यूक्रेन की चुनौती है कि वह न सिर्फ मोर्चे पर डटा रहे, बल्कि वैश्विक समर्थन भी सुनिश्चित करे।
Editorial

Editorial

Next Story