✕
अमेरिका का अलर्ट; ईरान गए तो हो सकती है मौत की सजा
By EditorialPublished on
ईरान में फंसे अमेरिकी नागरिकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने चेतावनी दी है कि ईरानी शासन दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता और वहां हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिकों को कांसुलर सहायता भी नहीं दी जाती। ऐसे में ईरान जाने वाले अमेरिकियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

x

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर से गहराता दिख रहा है। इसी बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी हालात में ईरान की यात्रा न करें। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक नई एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि ईरान में अमेरिकी नागरिकों को बिना किसी कारण के हिरासत में लिया जा सकता है, मानसिक यातना दी जा सकती है और यहां तक कि उन्हें मौत की सजा भी सुनाई जा सकती है।
बिना वजह हिरासत और झूठे आरोपों का खतरा :
अमेरिकी विदेश विभाग के वाणिज्य दूतावास कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, "ईरान में अमेरिकी नागरिकों को बिना किसी चेतावनी और अपराध का प्रमाण दिए गिरफ्तार किया गया है। कुछ मामलों में लोगों को झूठे आरोपों में सालों तक जेल में रखा गया, उन्हें मानसिक यातना दी गई और मौत की सजा तक सुनाई गई है।" खास बात यह है कि इसमें वे लोग भी शामिल हैं, जिनके पास दोहरी नागरिकता (यूएस-ईरानी) है। केवल अमेरिकी पासपोर्ट होना या अमेरिका से किसी भी तरह का संबंध होना ही गिरफ्तारी का कारण बन सकता है।
ईरान नहीं मानता दोहरी नागरिकता :
विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा, "ईरानी शासन दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता है और हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिकों को नियमित रूप से कांसुलर सहायता देने से इनकार करता है।" उन्होंने आगे कहा कि भले ही दोनों देशों के बीच बमबारी और सैन्य तनाव में थोड़ी कमी आई हो, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि ईरान की यात्रा करना सुरक्षित है।
अमेरिकियों को जागरूक करने के लिए नई वेबसाइट लॉन्च :
टैमी ब्रूस ने यह भी बताया कि अमेरिकी सरकार एक नई वेबसाइट लॉन्च कर रही है, जहां पर नागरिकों को ईरान यात्रा के खतरे के बारे में जानकारी दी जाएगी। यह वेबसाइट कई भाषाओं में उपलब्ध होगी और वहां यात्रा से जुड़ी सभी एडवाइजरी मौजूद रहेंगी। उन्होंने कहा, "हम बार-बार कह रहे हैं कि ईरान की यात्रा से बचें, खासतौर पर वे लोग जो ईरानी मूल के हैं या जिनके पास दोहरी नागरिकता है। वहां जाना किसी के लिए भी सुरक्षित नहीं है।"
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
अमेरिका-ईरान संबंधों में फिर तनाव :
यह एडवाइजरी ऐसे वक्त पर आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच संबंध लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान पर मानवाधिकार हनन, पत्रकारों और विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से बंदी बनाने और प्रॉक्सी युद्धों में शामिल होने के आरोप पहले से ही लगते रहे हैं।
अमेरिकी सरकार का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता अपने नागरिकों की सुरक्षा है और वे नहीं चाहते कि कोई भी अमेरिकी नागरिक ईरान जाकर अपनी जान खतरे में डाले। आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच रिश्तों में और भी खिंचाव देखने को मिल सकता है।

Editorial
Next Story
Related News
X
