पिकअप में प्याज की आड़ में डोडाचूरा की तस्करी, 693 किलो मादक पदार्थ जब्त...
बेगूं (प्रात:काल संवाददाता)। चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्याज की आड़ में की जा रही अफीम डोडा चूरा की तस्करी का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 693 किलो 060 ग्राम अवैध डोडा चूरा से भरी


बेगूं (प्रात:काल संवाददाता)। चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्याज की आड़ में की जा रही अफीम डोडा चूरा की तस्करी का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 693 किलो 060 ग्राम अवैध डोडा चूरा से भरी पिकअप को जब्त किया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रावतभाटा भगवत सिंह हिगड़ के निर्देशन में अंजलि सिंह आरपीएस, वृत्ताधिकारी बेगूं के सुपरविजन और शिवलाल मीणा, थानाधिकारी बेगूं के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक शिवराज, एएसआई प्यारेलाल, कांस्टेबल कमलेश, रणवीर, अकीत, ललित सिंह, विजय सिंह और हरमेन्द्र सिंह भी शामिल रहे।
पुलिस टीम ने मंगलवार को बेगूं थाना क्षेत्र के काकाजी का अनोपपुरा पहुंच मार्ग पर स्थित चमन चौराहा पर सुबह 11:35 बजे नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को आता देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तत्काल पिकअप की तलाशी ली, जिसमें पहली नजर में प्याज से भरे 24 लाल जालीदार कट्टे नजर आए। लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से जांच की तो प्याज के पीछे छिपाकर रखे गए 30 कट्टों में भारी मात्रा में डोडा चूरा मिला। कुल वजन 693 किलो 060 ग्राम मापा गया।
इस जब्ती के साथ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के नए तरीकों को उजागर किया है, जहां प्याज जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं का सहारा लेकर अवैध सामग्री की ढुलाई की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से बरामद पिकअप और मादक पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया है। फिलहाल, फरार चालक की तलाश जारी है और पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में किसी भी तरह की नशे की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

