मरणोपरांत रिपोर्ट: शेफाली की मौत कैसे हुई; हुआ खुलासा
अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। 27 जून को सत्यनारायण पूजा के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में मौत हो गई। अब उनकी मौत के पीछे की वजह जानने को लेकर हर तरफ सवाल उठ रहे हैं।
डॉक्टर्स ने पोस्टमार्टम में ‘ओपिनियन रिजर्व’ रखा :
कूपर अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने फिलहाल अपनी राय सुरक्षित रखी है। हालांकि मुंबई पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों ने दावा किया है कि मौखिक रूप से डॉक्टरों ने संकेत दिया है कि मौत का कारण सेल्फ मेडिकेशन के चलते हुआ कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। आधिकारिक पुष्टि अभी फाइनल पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
ड्रॉअर और फ्रिज से मिलीं कई दवाएं :
पुलिस की जांच में सामने आया है कि शेफाली लंबे समय से बिना डॉक्टर की सलाह के कई दवाएं और इंजेक्शन ले रही थीं। उनके घर से बरामद दवाओं में ग्लूटाथियोन कैप्सूल, पैन डीएसआर, स्किन व्हाइटनिंग कैप्सूल और हाई डोज एंटी-एजिंग इंजेक्शन शामिल हैं। इन दवाओं में से कुछ पर डॉक्टर की सख्त निगरानी जरूरी होती है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि शेफाली इन्हें खुद से लेती थीं।
फ्राइड राइस और इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत :
घर में काम करने वाली नौकरानी ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि शेफाली ने पूजा के बाद फ्रिज में रखा बचा हुआ फ्राइड राइस खाया था, जिसके बाद उन्होंने एंटी-एजिंग इंजेक्शन लिया। उसी शाम उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि अब तक की जांच में किसी साजिश या आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
12 लोगों से हुए बयान, साजिश से इनकार :
मुंबई पुलिस ने अब तक शेफाली के पति पराग त्यागी, माता-पिता और अन्य करीबियों समेत 12 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। किसी ने भी किसी तरह की साजिश या घरेलू विवाद का आरोप नहीं लगाया है। सबका कहना है कि शेफाली अपनी सेहत और स्किन को लेकर काफी सचेत थीं और खुद ही दवाएं इस्तेमाल करती थीं।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
सेल्फ मेडिकेशन बना गंभीर चेतावनी :
शेफाली की मौत ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है – क्या खुद से दवाएं लेना जानलेवा हो सकता है? मौजूदा केस ने सेल्फ मेडिकेशन की गंभीरता और जोखिमों पर फिर से बहस शुरू कर दी है। कई बार सौंदर्य या फिटनेस की चाहत में बिना डॉक्टर की सलाह दवाओं या इंजेक्शन का इस्तेमाल, शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है — और कई बार जान भी ले सकता है।
फाइनल रिपोर्ट का इंतज़ार :
मुंबई पुलिस अब विसरा रिपोर्ट और फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है, जिसके बाद ही मौत की असल वजह पर आधिकारिक पुष्टि होगी। तब तक के लिए इस हाई-प्रोफाइल केस पर देश भर की निगाहें टिकी हुई हैं।
Editorial

Editorial

Next Story