✕
‘सामना’ ने दिया संकेत; ठाकरे यूनिटी की तस्वीर वायरल
By EditorialPublished on
महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक नई हलचल दिखाई दी, जब शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना के पहले पन्ने पर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की साथ में छपी तस्वीर ने चर्चाओं का तूफान खड़ा कर दिया। तस्वीर के साथ लिखा गया मराठी वाक्य महा

x
महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक नई हलचल दिखाई दी, जब शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना के पहले पन्ने पर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की साथ में छपी तस्वीर ने चर्चाओं का तूफान खड़ा कर दिया। तस्वीर के साथ लिखा गया मराठी वाक्य "महाराष्ट्राच्या मनात जे आहे, तेच होईल", जिसका हिंदी अनुवाद है "महाराष्ट्र के मन में जो है, वही होगा" ने दोनों ठाकरे बंधुओं के संभावित राजनीतिक मिलन की ओर इशारा कर दिया है।
यह पहली बार है जब शिवसेना (यूबीटी) ने इतने स्पष्ट संकेतों के साथ राज ठाकरे को अपने सियासी नैरेटिव में जगह दी है। लंबे समय से एक-दूसरे से दूरी बनाए रखने वाले दोनों भाइयों की तस्वीर छपना न सिर्फ प्रतीकात्मक है, बल्कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिहाज से रणनीतिक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
पोस्टर्स से भी मिले संकेत :
सिर्फ सामना में तस्वीर छपने तक बात सीमित नहीं रही। मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी दोनों ठाकरे भाइयों के साझा पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में साफ तौर पर मराठी जनता की भावनाओं को उभारने की कोशिश की गई है, जिसमें कहा गया है “8 करोड़ मराठी जन अब फिर से ठाकरे भाइयों को साथ देखना चाहते हैं।” ये पोस्टर भीड़ और समर्थकों के मन की बात कहने वाले प्रतीत हो रहे हैं, और कहीं-न-कहीं एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा लगते हैं।
गठबंधन पर औपचारिक बात नहीं, लेकिन माहौल गरम :
भले ही अभी तक उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की ओर से किसी गठबंधन की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संकेत लगातार मिल रहे हैं। हाल ही में उद्धव ठाकरे ने एक बयान में कहा था, “महाराष्ट्र के दिल में जो होगा वही होगा।” यह वही पंक्ति है जो आज सामना के फ्रंट पेज पर छपी है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महानगरपालिका, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में यदि शिवसेना (यूबीटी) और मनसे साथ आते हैं तो यह गठबंधन बीजेपी और एनसीपी गुट के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। ठाकरे नाम, मराठी अस्मिता और शहरी जनाधार के कारण यह एक मजबूत समीकरण बन सकता है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
मनसे उपाध्यक्षों की बैठक में हलचल :
शनिवार सुबह 9:30 बजे शिवतीर्थ में मनसे उपाध्यक्षों की अहम बैठक हुई, जिसमें पार्टी प्रमुख राज ठाकरे भी शामिल रहे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के साथ संभावित गठबंधन को लेकर विचार-विमर्श हो सकता है। यह मीटिंग ऐसे समय हो रही है जब राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है और सामना की तस्वीर ने आग में घी डालने जैसा काम किया है।
भले ही अब तक सब कुछ अनौपचारिक और प्रतीकात्मक हो, लेकिन इतना तय है कि ठाकरे बंधुओं का साथ आना महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ हो सकता है। यह न सिर्फ राजनीतिक समीकरण बदल सकता है, बल्कि दशकों से बंटी हुई शिवसेना की आत्मा को एक करने का प्रयास भी बन सकता है। अब सबकी निगाहें अगले कदम और आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं क्या सच में होगी ठाकरे परिवार की सियासी ‘घर वापसी’?

Editorial
Next Story
Related News
X
